पूरा देश आजादी के 75 वर्षों की यात्रा का साक्षी बन रहा है: मुख्यमंत्री

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का अवसर हमारे लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। पूरा देश आजादी के 75 वर्षों की यात्रा का साक्षी बन रहा है। इन 75 वर्षों के आत्मावलोकन का सौभाग्य सभी को प्राप्त हो रहा है। देश ने इन वर्षों में एक लम्बी यात्रा तय की है। यह अवसर हमें नए संकल्पों के साथ अमृतकाल की नई कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान कर रहा है। उन्होंने देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए आजादी की लड़ाई को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए अपना मार्गदर्शन प्रदान करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा उन सभी ज्ञात-अज्ञात अमर सेनानियों तथा वीर सपूतों, जिन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में सर्वस्व न्योछावर करते हुए अपना बलिदान दिया, को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री  76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज यहां विधान भवन के समक्ष ध्वजारोहण करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम से आमजन को जोड़कर इसे एक राष्ट्रीय उत्सव बनाया है। इसके अन्तर्गत विगत 05 दिनों से विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ने का हम सबको अवसर प्राप्त हुआ है। 11 से 17 अगस्त, 2022 तक स्वतंत्रता सप्ताह, हर घर तिरंगा कार्यक्रम तथा कल विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देश में मौन पैदल यात्रा के माध्यम से उस त्रासदी को स्मरण करने के कार्यक्रमों से सभी जुड़े हैं। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के माध्यम से 135 करोड़ भारतवासी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करते हुए आन-बान और शान के प्रति तिरंगे को हर घर, सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर फहराते दिखाई दे रहें है।

मुख्यमंत्री  ने पद्म भूषण से सम्मानित (मरणोपरान्त) पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल स्व0  कल्याण सिंह के पुत्र  राजवीर सिंह, पद्म भूषण  राशिद खान, पद्म भूषण आचार्य वशिष्ठ त्रिपाठी, पद्मश्री श्री शीश राम, पद्मश्री सुश्री कमलिनी अस्थाना, पद्मश्री सुश्री नलिनी अस्थाना, पद्मश्री पं0 शिवनाथ मिश्र, पद्मश्री  सेठ पाल सिंह, पद्मश्री डॉ0 विद्या बिन्दु सिंह, पद्मश्री स्वामी शिवानन्द पद्मश्री प्रो0 कमलाकर त्रिपाठी तथा पद्मश्री डॉ0 अजिता श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य एवं  ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री  स्वतंत्र देव सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री  दानिश आजाद अंसारी, लखनऊ की महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया, सांसद  अशोक वाजपेयी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव  दुर्गा शंकर मिश्र, पुलिस महानिदेशक  डी0एस0 चौहान, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एम0एस0एम0ई0  नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री  एस0पी0 गोयल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना  संजय प्रसाद, सूचना निदेशक  शिशिर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।