अमेरिका, ब्रिटेन में महामारी के बीच लैगिंग्स की मांग बढ़ी, जीन्स की घटी

International

(www.arya-tv.com)निर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने जब पिछले शनिवार को चुनाव जीतने पर जो बाइडेन को बधाई दी थी तब वे लैगिंग्स पहने थीं। अमेरिका में पिछले दस साल से महिलाएं वर्कआउट, आराम और घर में काम के दौरान लैगिंग्स पहनती रही हैं। लेकिन, कोरोना वायरस ने कई लोगों के लिए वर्कआउट और काम के कपड़ों के बीच अंतर खत्म कर दिया है। महिलाएं अब हर दिन 24 घंटे लैगिंग्स पहनती हैं। पहले कोई महिला लैगिंग्स पहने बाहर दिखाई पड़ती थी तो सफाई देती थी कि वे जिम से लौट रही हैं। इसलिए लैगिंग्स पहन रखी है। लेकिन अब ऐसी बात नहीं है।

ट्रेंड बताने वाली लंदन की एजेंसी डब्ल्यूजीएसएन के अनुसार मार्च के बाद डेनिम जीन्स की बिक्री गिरी है। वहीं दूसरी ओर इस अवधि के दौरान पिछले साल के मुकाबले ब्रिटेन में लैगिंग्स की बिक्री 61 प्रतिशत और अमेरिका में 21 प्रतिशत बढ़ी है। अटलांटा के रॉकबैंड ग्लिमर्स की मैगी स्नीडर ने महामारी से पहले घर से बाहर कभी लैगिंग्स नहीं पहनी थी। वे जीन्स पहनती थीं। महामारी के बाद अब वे बाहर लैगिंग्स पहनने लगी हैं। उनका कहना है, लैगिंग्स पहनकर सहजता और आराम का अहसास होता है। इसलिए वे अब बाहर भी पहनती हैं।

महिलाएं पहले जिम और योग की क्लास के बाद लैगिंग्स बदल लेती थीं। अब यदि बदलती हैं तो दूसरी लैगिंग्स पहन लेती हैं। पिछले दशक में लैगिंग्स की लोकप्रियता युवतियों के बीच बढ़ी है। अमेरिका में विवाद भी हुए हैं। पैरों के इस पहनावे को उत्तेजक बताया गया। 2017 में यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट से दो टीनएज लड़कियों को लैगिंग्स पहने पर बाहर कर दिया गया था। अमेरिका के इलिनॉय, विस्कांसिन राज्यों में स्कूलों में लड़कियों के लैगिंग्स पहनने पर पाबंदी थी। नॉत्रे देम यूनिवर्सिटी में छात्रों ने लैगिंग्स के समर्थन में प्रदर्शन किए थे। एक महिला ने छात्रों के एक अखबार में पत्र लिखकर लैगिंग्स को बेहद नग्न और अंग दिखाने वाला कहा था।

अब फैशन का विकल्प

महामारी के बाद यह बहस थम गई है। नेवादा लास वेगास यूनिवर्सिटी की फैशन इतिहासकार डीरड्रे क्लीमेंटे कहती हैं, जब लोग सामाजिक मेलजोल से अलग हैं तब अलिखित नियम नहीं लागू होते हैं। अब बहुत कम लोग ऑफिस जाते हैं। लड़कियां स्कूल नहीं जाती हैं। डब्ल्यूजीएसएन में महिलाओं के पहनावे की विशेषज्ञ लॉरा यिआनाकोउ सोचती हैं, आराम और सहजता के अलावा कुछ अन्य कारण हैं। लैगिंग्स उन महिलाओं को पसंद आते हैं जो स्वयं को अाकर्षक तरीके से पेश करना चाहती हैं। वे बताती हैं, लैगिंग्स की स्टाइल स्पोर्ट्स के दायरे से बाहर फैशन विकल्प के बतौर सामने आई हैं। आर्ट, डिजाइन हिस्ट्री स्कूल की डीन रोंडा गरेलिक का कहना है, हम महामारी से फैशन को अलग नहीं कर सकते हैं।