मानसून से पहले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग, डॉ. राजेश्वर सिंह ने मंत्री सुरेश खन्ना को लिखा पत्र

Lucknow
  • लखनऊवासियों को राहत दिलाने के लिए सरकार का ध्यान आकृष्ट

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए राजधानी लखनऊ में जलभराव की समस्या के प्रभावी समाधान के लिए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री Suresh Kumar Khanna को पत्र लिखकर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व व्यापक तैयारी कर नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाई जा सकती है।

  • संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर

अपने पत्र में डॉ. राजेश्वर सिंह ने उल्लेख किया कि मानसून के दौरान लखनऊ के अनेक क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में प्रदेश में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं, इसलिए वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लेना अत्यंत आवश्यक है।

  • नालों के निर्माण और सफाई को प्राथमिकता देने का आग्रह

डॉ. राजेश्वर सिंह ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लंबित नालों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने, बड़े एवं छोटे नालों की व्यापक सफाई सुनिश्चित करने तथा जल निकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि समय रहते इन कार्यों के पूरा होने से वर्षा के दौरान होने वाली समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

  • पम्पिंग सेट, निगरानी और विभागीय समन्वय पर बल

पत्र में उन्होंने जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पम्पिंग सेट उपलब्ध कराने तथा उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जल निकासी की जा सके। साथ ही पूर्व वर्षों में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया है। डॉ. सिंह ने नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए मानसून अवधि के दौरान दैनिक निगरानी एवं समीक्षा तंत्र विकसित किए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि जलभराव केवल मौसमी समस्या नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन और दैनिक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे तथा लखनऊवासियों को वर्षा ऋतु के दौरान बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सफल होंगे।