प्रियंका गांधी का योगी को खत:कांग्रेस नेता ने सरकार को पांच सलाह दी, कहा- मध्यम वर्ग को मुआवजा दिए जाए

UP

(www.arya-tv.com) कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खत लिखा है। प्रियंका ने सरकार को इसमें 5 सलाह दी है। लिखा, जनता को बुरे हालात में छोड़ने की बजाय सरकार को जन कल्याणकारी कदम उठाना चाहिए। मध्यम वर्ग की समस्याओं को लेकर मुआवजा और व्यापारियों को राहत दी जाए। इलाज के लिए लोग कर्ज ले रहे उनकी मदद की जाए। महंगाई से जनता को राहत दी जाए। व्यापारियों और दुकानदारों की मदद की जाए।

जनता को असहनीय पीड़ा उठानी पड़ रही
प्रियंका गांधी ने लिखा कि खराब व्यवस्था के चलते जनता को असहनीय पीड़ा उठानी पड़ी है। अप्रैल-मई में मचे हाहाकार ने साफ कर दिया कि दूसरी लहर को लेकर सरकार के पास कोई प्लानिंग नहीं थी। कई सारे गैर जरूरी नियम और लालफीताशाही लोगों के लिए मुश्किलों का पहाड़ लेकर आया। महामारी ने जहां एक तरफ हजारों-लाखों लोगों को हमसे छीना है, वहीं दूसरी तरफ रोजी-रोजगार, व्यापार और काम-धंधे के सामने भारी मुश्किलें पैदा कर दी हैं। आज करोड़ों लोग भविष्य को लेकर आशंकित है। उनकी कमाई का साधन कम हुआ है और बहुत तेजी से महंगाई बढ़ी है।

5 पॉइंट्स में सुझाव दिए

1. निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके सुनिश्चित किया जाए कि अस्पतालों को भी नुकसान न हो और आम लोगों को ज्यादा पैसा भी न देना पड़े। लोगों को ज्यादा फीस देनी पड़ी है, उनके लिए मुआवजा की व्यवस्था हो।

2. बढ़ती महंगाई रोकने के लिए काम करना चाहिए।
3. बिजली के बढ़े दामों और स्मार्ट मीटरों से जनता परेशान है। अब खबर है कि इसमें फिर से बढ़ोतरी की तैयारी है। कृपया इसमें रोक लगाएं।

4. प्रदेश के स्कूल बंद हैं लेकिन अभिवावकों को अभी भी हर महीने फीस जमा करने का दबाव है। स्कूलों के सामने भी अपने शिक्षकों को वेतन देने का संकट है। प्रदेश सरकार को स्कूलों के प्रतिनिधियों और पैरेंट्स के साथ बैठक कर इसका ठोस हल निकालना चाहिए।

5. लॉकडाउन की मार झेल रहे प्रदेश के व्यापारी और दुकानदारों को राहत देना चाहिए। टैक्स में कटौती करनी चाहिए।