UP Election 2027: दो से तीन बूथ संभालेंगे भाजपा कार्यकर्ता, नए वोटरों को जोड़ने का अभियान 22 से

# ## Bareilly Zone

मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने के लिए भाजपा बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाएगी। 22 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में पहली बार वोटर बनने जा रहे युवाओं के साथ शादी के बाद मायके से ससुराल आईं महिलाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर रहेगा। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को दो से तीन बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सोमवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित मतदाता पुनरीक्षण अभियान की कार्यशाला में जिला प्रभारी दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के 16 से 17 करोड़ नागरिक हैं, जबकि मतदाता सूची में 13.56 करोड़ नाम ही दर्ज हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर उन पात्र लोगों को चिह्नित करना होगा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि केवल नए वोट बनवाना ही नहीं, बल्कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने बताया कि 17 और 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 22 से 24 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का काम किया जाएगा।

कार्यशाला में राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, एमएलसी महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, रविंद्र सिंह राठौर, राजकुमार शर्मा, दुष्यंत गंगवार, हरिशंकर गंगवार, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, डॉ. निर्भय गुर्जर, वीरपाल गंगवार, अंकित शुक्ला, मेघनाथ सिंह कठेरिया, अजय सक्सेना, राहुल साहू, अभय चौहान, नेहा कन्नौजिया, स्वाति सिंह, डॉ. मीनाक्षी गंगवार, नीरेंद्र सिंह राठौर, योगेश पटेल, अमरिंदर गोल्डी, भूपेंद्र कुर्मी, सतेंद्र यादव और शिवम शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

तीन दिन का अभियान, पहले विधानसभा स्तर पर तैयारी

भाजपा की ओर से 17 और 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर कार्यशालाएं की जाएंगी। इसके बाद 22 से 24 नवंबर तक बूथों पर विशेष अभियान चलेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को दो से तीन बूथों की जिम्मेदारी देकर मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों की पहचान करने को कहा गया है।