नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आगाज आज यानी की 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने जा रहा है। खेलों के इस महाकुंभ में 74 देशों के करीब 3,000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में पैरा-स्पोर्ट्स सहित कुल 13 खेलों में मुकाबले होंगे।
भारत ने इस बार 126 खिलाड़ियों का मजबूत दल भेजा है। भारतीय टीम में 77 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी (पैरा स्पोर्ट्स सहित) शामिल हैं, जो विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतने की चुनौती पेश करेंगे। यह कॉमनवेल्थ गेम्स का 23वां संस्करण है। भारत अब तक आयोजित 22 संस्करणों में से केवल 1930, 1950, 1962 और 1986 के खेलों में शामिल नहीं हुआ था।
एथलेटिक्स में सबसे बड़ा भारतीय दल
भारतीय दल में सबसे अधिक खिलाड़ी एथलेटिक्स से हैं। इस खेल में 32 एथलीट देश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिनमें 22 पुरुष और 10 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा बॉक्सिंग, जूडो, वेटलिफ्टिंग, ट्रैक साइक्लिंग, तैराकी, जिम्नास्टिक और पैरा स्पोर्ट्स में भी भारत मजबूत दावेदारी पेश करेगा।
इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
भारतीय टीम में नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू, लवलीना बोर्गोहेन, श्रीहरि नटराज, प्रणति नायक, प्रीति पवार, बिंद्यारानी देवी, तुलिका मान, मुरली श्रीशंकर, तेजस्विन शंकर, पारुल चौधरी और प्रियंका गोस्वामी जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों से भारत को पदकों की सबसे अधिक उम्मीद रहेगी।
भारत की सबसे मजबूत स्पर्धाएं
भारतीय खिलाड़ी इन खेलों में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, जूडो, तैराकी, ट्रैक साइक्लिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक और पैरा स्पोर्ट्स में चुनौती पेश करेंगे। पैरा स्पर्धाओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व मजबूत माना जा रहा है।
भारत में कहां देखें लाइव मुकाबले?
भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का सीधा प्रसारण Sony Sports Network पर होगा। वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म Sony LIV ऐप पर भी सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
कॉमनवेल्थ गेम्स का इतिहास
कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत 1930 में कनाडा के हैमिल्टन शहर से हुई थी। इसके बाद यह आयोजन इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, मलेशिया और भारत सहित कई देशों में आयोजित किया जा चुका है। 2010 में भारत ने नई दिल्ली में इसकी सफल मेजबानी की थी, जबकि 2026 में यह प्रतियोगिता एक बार फिर स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित हो रही है।
