75 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट, गिर सकते हैं ओले:मुरादाबाद में रातभर बारिश

# ## UP

(www.arya-tv.com) यूपी में बारिश का सिलसिला आज भी जारी है। लखनऊ और मुरादाबाद में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने सभी 75 जिलों में अलर्ट जारी किया है। ओले भी गिर सकते हैं। इसके अलावा अगले 2 दिन यानी 3 मई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। रविवार की बात करें, तो 16 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा चित्रकूट में 24.5 मिमी. दर्ज की गई।

26.8 °C के साथ कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। मुरादाबाद में रातभर से बारिश हो रही है। सीएम योगी की जनसभा से पहले कार्यक्रम स्थल पर जलभराव की स्थिति बन गई है।

कानपुर का 14 तो लखनऊ का 13 डिग्री गिरा तापमान
रविवार को बारिश के चलते कानपुर का तापमान 14 °C तक लुढ़क गया। कानपुर का अधिकतम तापमान प्रदेश में सबसे कम 26 °C दर्ज किया गया। इसके बाद लखनऊ का तापमान 13 °C गिरा। इसके चलते यहां का अधिकतम तापमान 26.8 °C दर्ज किया गया। बहराइच, गोरखपुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, मेरठ, मुरादाबाद और वाराणसी का तापमान 10 °C के आस-पास तक नीचे गिर गया।

लखनऊ-कानपुर और फतेहपुर में रविवार दोपहर को तेज बारिश हुई। अयोध्या, गोरखपुर और पूर्वांचल के कई जिलों में भी रिमझिम बारिश हुई। बरेली में को आंधी चली। साथ ही आगरा-मथुरा में सुबह से ही बादल छाए रहे। यूपी में करीब 6 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। कानपुर में 12.4 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई।

मुरादाबाद में 11.5 मिमी. बारिश, सीएम की जनसभा से पहले जलभराव
मुरादाबाद में रविवार रात रुक-रुककर बारिश होती रही। सुबह कई इलाकों में जलभराव की स्थिति हो गई। सोमवार सुबह 11 बजे से सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा होनी है। रामलीला मैदान में जलभराव होने के बाद सुबह पंपिंग मशीन लगाई गई। मुरादाबाद में 11.5 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। जिले में अधिकतम तापमान 28.8°C रिकॉर्ड किया गया। यहां बारिश का पूर्वानुमान है।

2, 3 मई को पश्चिम यूपी के सभी शहरों हो सकती है ओलावृष्टि
प्रदेश के 75 जिलों में 2 और 3 मई के लिए बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। खासकर पश्चिम यूपी के तकरीबन सभी शहरों के लिए ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया गया है।

इस वजह से बढ़ रहे बारिश के आसार
अरब सागर, बंगाल की खाड़ी में लगातार मौसमी हलचल बनी हुई है। इसके अलावा एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी आ गया है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पाकिस्तान के मध्य भागों पर बना हुआ है। दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

एक ट्रफ मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से विदर्भ, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है। इसके चलते बारिश के आसार कई दिनों तक बढ़ते जा रहे हैं।