मुख्यमंत्री ने चंदौली में लगभग 743 करोड़ रु0 लागत की 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

Lucknow

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम नये भारत का दर्शन कर रहे हैं। दुनिया में 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बढ़ा है। भारत में सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना है। यह भारत अपनी संस्कृति का संवर्धन भी कर रहा है, साथ ही, आर्थिक समृद्धि के नये प्रतिमान भी स्थापित कर रहा है। भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। प्रधानमंत्री जी के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा, इसमे किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। जब सरकार की विकास के प्रति रुचि होती है, तो वह बोलती नहीं, बल्कि करके दिखाती है।

मुख्यमंत्री जनपद चंदौली में लगभग 743 करोड़ रुपये लागत की 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इन परियोजनाओं में 174.80 करोड़ रुपये लागत की 41 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 567.74 करोड़ रुपये लागत की 37 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री जी ने आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, पी0एम0 किसान सम्मान निधि योजना, स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र तथा स्वीकृति पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंदौली अब आकांक्षात्मक जनपद नहीं रहेगा। यह प्रदेश का विकसित जनपद होगा। विगत दिनों आयोजित ग्राउण्ड बे्रकिंग सेरेमनी में चंदौली में 2300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है। यहां उद्योग लगने जा रहे हैं। खाद्यान्न उत्पादन में अग्रणी होने के साथ ही, अब यह जनपद उद्योग लगाने में भी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। चंदौली विकसित जनपदों की श्रेणी में खड़ा होगा। चन्दौली ‘विकसित भारत के विकसित उत्तर प्रदेश का विकसित जनपद’ बनकर परिणाम देगा।

केन्द्रीय भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उद्यम मंत्री डाॅ0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून के राज की स्थापना, जनकल्याण तथा विकास को चरितार्थ किया है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में देश और दुनिया के उद्यमी निवेश करने के लिए आ रहे हैं। हाल ही में आयोजित ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में जनपद चंदौली में भी विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास कार्य सम्पन्न हुआ है। इस अवसर पर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री  अनिल राजभर, समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।