PM पद की शपथ लेंगे ऋषि सुनक:दोपहर में किंग चार्ल्स-III से मिलेंगे

# ## International

(www.arya-tv.com) भारतीय मूल के ऋषि सुनक ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री होंगे। सोमवार को कंजर्वेटिव पार्टी के संसदीय दल ने सुनक को नेता चुना। किंग चार्ल्स-IIIआज यानी मंगलवार को सुनक को PM का अपॉइंटमेंट लेटर सौंपेंगे।

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे पहले भारतीय समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे लिज ट्रस कैबिनेट की बैठक करेंगी। वो दोपहर 2:45 बजे PM हाउस से देश को प्रधानमंत्री के तौर पर आखिरी बार संबोधित करेंगी। इसके बाद बकिंघम पैलेस जाकर किंग चार्ल्स-III को इस्तीफा सौंपेंगी। इसके कुछ देर बाद किंग चार्ल्स-III सुनक को PM का अपॉइंटमेंट लेटर देंगे। सुनक आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री बनने के बाद शाम 4 बजे PM हाउस से देश को संबोधित करेंगे।

ब्रिटेन की आर्थिक स्थिति सुधारना सबसे बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद सुनक के सामने कई चुनौतियां होंगी। सबसे मुश्किल चुनौती ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को सुधारना होगा। ‘द गार्डियन’ के मुताबिक मीटिंग में सुनक ने पार्टी सांसदों के साथ हुई प्राईवेट मीटिंग के बाद कहा- हमारे सामने वो सब समस्याएं हैं जो पहले से थीं और अब आर्थिक संकट भी है। हम साथ मिलकर इस संकट से बाहर निकलेंगे। हमें हर मोर्चे पर एकजुट रहना होगा। मैं कंजर्वेटिव पार्टी से प्यार करता हूं, उसकी सेवा करूंगा। देश को कुछ वापस दे पाना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। मैं वादा करता हूं कि मैं पूरी ईमानदारी से काम करूंगा।

नारायण मूर्ति के दामाद हैं ऋषि सुनक
ऋषि भारतीय सॉफ्टवेयर कंपनी इंफोसिस के को-फाउंडर नारायण मूर्ति के दामाद हैं। उनके प्रधानमंत्री बनने पर मूर्ति ने कहा- ऋषि को बधाई। हमें उन पर गर्व है और हम उनकी सफलता की कामना करते हैं। हमें विश्वास है कि वो ब्रिटेन के लोगों के लिए ईमानदारी से काम करेंगे।

  • ऋषि सुनक के पेरेंट्स पंजाब के रहने वाले थे, जो विदेश में जाकर बस गए।
  • सुनक का जन्म ब्रिटेन के हैंपशायर में हुआ था। ऋषि ने अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से MBA किया है।
  • सुनक ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से राजनीति, दर्शन और अर्थशास्त्र की पढ़ाई की।
  • राजनीति में आने से पहले ऋषि ने इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैश और हेज फंड में काम किया। इसके बाद उन्होंने इन्वेस्टमेंट फर्म की भी स्थापना की।
  • उनकी मां एक फार्मासिस्ट और राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (MHS) में कार्यरत हैं। सुनक के पिता ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से ग्रैजुएट हैं।