स्वतंत्र देव सिंह को चक्कर और बेचैनी की शिकायत पर देर रात मेदांता अस्पताल लाया गया

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। घर में चक्कर आने और बेचैनी होने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में लाया गया। यहां डॉक्टर्स की टीम ने कई तरह की जांच की और दवाइयां दीं। हालात में सुधार होने के बाद करीब दो घंटे के अंदर ही उन्हें डिस्चार्ज भी कर दिया गया।

मेदांता लखनऊ के डायरेक्टर राकेश कपूर ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का ब्लड प्रेशर समेत कुछ अन्य जांच की गईं। सारे टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आने पर उन्हें करीब दो घंटे के बाद घर भेज दिया गया।

लगातार बैठकें कर रहे हैं स्वतंत्र देव सिंह
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह इन दिनों लगातार यूपी चुनाव को देखते हुए बैठकें कर रहे हैं। हाल ही में कासगंज समेत कई जिलों में उनका दौरा भी था। बताया जा रहा है कि लगातार काम करने की वजह से उन्हें दिक्कत हुईं। स्वतंत्र देव सिंह को 2019 में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुना गया था।

पहले कांग्रेस सिंह नाम था
स्वतंत्र देव सिंह का वास्तविक नाम कांग्रेस सिंह था। संघ को बहुत कन्फ्यूजन होता था। संघ में उनका नाम स्वतंत्र देव सिंह रख दिया गया। यह नाम अखबार के नाम से प्रेरित था। बाद में उन्हें स्वतंत्र देव सिंह के नाम से जाना जाने लगा। झांसी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल हुए। उनकी मेहनत और लगन को देखते हुए उन्हें कानपुर भेज दिया गया।

कानपुर में वह हनुमान मिश्रा के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के साथ खड़े हो गए। 2000 में उन्हें युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। इसी दौरान उनके नेतृत्व में आगरा में हुए पार्टी के राष्ट्रीय सम्मलेन उनका बड़े नेताओं से परिचय हुआ। इसका इनाम ये मिला कि उन्हें युवा मोर्चा से मुख्यधारा में लाते हुए पार्टी ने उत्तरप्रदेश भाजपा का महामंत्री बना दिया। उन्हें उरई में सहकारी समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया।