स्पेन में लॉकडाउन में बढ़े पतियों के जुल्म; विरोध में 250 जगहों पर प्रदर्शन, एक महीने में पत्नी की हत्या के 13 मामले

International

(www.arya-tv.com)स्पेन में महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा और लैंगिक भेदभाव के मामलों में अचानक तेजी आई है। बीते एक महीने में 13 ऐसी हत्याएं हुई हैं, जिनमें हत्यारे महिलाओं के पार्टनर या एक्स पार्टनर रहे हैं। इनमें तीन हत्याएं तो सिर्फ एक ही दिन में हुई हैं। हाल में हुए इन हमलों में एक 81 वर्षीय पीड़िता कॉसुलो भी हैं, जिनके उनके पति ने हथौड़े से पीटकर हत्या कर दी।

उन्होंने कभी शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुरुषों की हिंसा की शिकार 80% महिलाओं ने कभी कोई शिकायत नहीं की है। इन हत्याओं के विरोध में महिलाएं सड़कों पर हैं। बीते एक हफ्ते में स्पेन में 250 से छोटे-बड़े प्रदर्शन हुए हैं। मैड्रिड के फेमिनिस्ट मूवमेंट की मार्ता कार्रामिनाना बताती हैं कि ये हमलावर पागल या बीमार नहीं हैं।

ये कट्‌टर पुरुषवादी मानसिकता की सनक से भरे हुए हैं। इनका मकसद महिलाओं पर ज्यादती करना और उन्हें नीचा दिखाना है। महिलाएं धीरे-धीरे मर रही हैं और दुनिया को यह बताने के लिए हम प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं की मांग है कि ऐसे हमलावरों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।

पूरे देश में इन आंदोलन को आग कथित पिता द्वारा अपनी दो बच्चियों (6 साल की ओलिविया और एक साल की एना) की हत्या ने दी है। इसे लेकर पूरे देश में आक्रोश है। 2003 से अब तक 39 नाबालिग बच्चों की हत्या उनके पिता ने की है। मामले की जांच कर रहे अधिकारी का कहना है कि पति टॉमस ने अपनी पत्नी को जीवन का सबसे बड़ा दर्द देने के इरादे से दोनों बच्चों को मार डाला।

महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर लैंगिक हिंसा मामलों की मंत्री विक्टोरिया रसेल कहती हैं कि कोविड-19 की तरह यह भी एक महामारी है। जानकारों का मानना है कि बढ़ते अपराध की वजह कोरोना वायरस है, जब प्रतिबंध हटेंगे तो इन घटनाओं में कमी देखने को मिल सकती है।