लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संजय सेतु पर देर रात दो भारी वाहनों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर रामनगर और जरवल पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सुबह करीब चार बजे यातायात सुचारु कराया।जानकारी के मुताबिक ट्रक संख्या यूपी-75 एटी-7061 सीमेंट लादकर बाराबंकी से बहराइच की ओर जा रहा था। इसी दौरान बहराइच की ओर से भूसा लादकर आ रही डीसीएम यूपी-43 टी-3828 संजय सेतु के पास सामने से आ गई। किसी कारणवश दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर ही क्षतिग्रस्त अवस्था में फंस गए, जिससे पुल पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
संजय सेतु पर भारी वाहनों के फंस जाने के कारण यातायात बहाल करना चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बाद रामनगर और जरवल पुलिस ने संयुक्त रूप से क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। करीब चार घंटे तक लगातार चले राहत कार्य के बाद सुबह लगभग चार बजे जाम पूरी तरह समाप्त कराया जा सका। इस दौरान यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वाहन चालकों से राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष सावधानी बरतने तथा तेज गति से वाहन न चलाने की अपील की है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
