शादी तोड़ी तो मंगेतर ने चेहरे पर फेंका तेजाब:लड़का 35, लड़की 22 साल की

# ## UP

(www.arya-tv.com)  अयोध्या में सोमवार रात शादी टूटने से नाराज युवक ने लड़की पर तेजाब फेंक दिया। वह 6 फीट की दीवार फांदकर लड़की के घर में घुसा। फिर सोते समय लड़की पर चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर लड़की के घरवाले जग गए।

आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने लड़की की हालत नाजुक देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मगर, पुलिस ने उसे रात में ही गांव के बाहर से पकड़ लिया। मामला हैदरगंज का है।

लड़की 22 साल की, लड़का 35 का, इसलिए तोड़ी शादी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पूराकलंदर इलाके का रहने वाले आरोपी की शादी इसी लड़की से तय हुई थी। लड़के की उम्र 35 साल थी। जबकि लड़की 22 साल थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के ने उम्र छिपाई। इसी वजह से रिश्ता तोड़ा था। इससे वह नाराज था। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। ​​​​​​

6 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में घुसा था

पुलिस को आरोपी ने बताया कि घर की 6 फीट ऊंची दीवार फांदकर वह आंगन में पहुंचा था। उसने बोतल से तेजाब गिलास में निकाल कर लड़की के चेहरे पर डाल दिया। आवाज सुनकर उसके घर वाले जग गए। यह देखकर वह भाग गया।

वहीं, घरवालों ने बताया कि रात के करीब 1 बजे बेटी के चीखने की आवाज पर हम लोग उठे। देखा तो बेटी तड़प रही थी। हम लोगों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी। 6 माह पहले भी आरोपी रात के समय घर मे घुस गया था। उस समय हम लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था।

2 दिन में चार्जशीट, फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगा ट्रायल
SSP राज करन नैय्यर ने बताया कि दरवाजे पर फोर्स एंट्री के साइन नहीं मिले हैं। इस मामले में 2 दिन में चार्जशीट दाखिल करने के लिए कहा गया है। साक्ष्य एकत्रित करने के लिए कहा है। इस मामले में फास्ट ट्रैक ट्रायल करवाया जाएगा।