इटली में एल्पाइन ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा टूटा:6 लोगों की मौत, 18 लोग बर्फ और चट्टानों के मलबे के बीच फंसे

# ## International

(www.arya-tv.com) इटली में एल्पाइन ग्लेशियर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। 8 लोग घायल हो गए। इटली के सरकारी टेलीविजन चैनल के मुताबिक 18 लोग बर्फ और चट्टानों के मलबे के बीच फंसे हैं। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

नेशनल एल्पाइन एंड केव रेस्क्यू कोर की ऑफिसर मिशेला कैनोवा ने कहा- जानकारी मिलते ही लोगों को बचाने के कवायद शुरू कर दी गई। घायलों में से 2 को बेलुनो के अस्पताल ले जाया गया। वहीं, एक की हालात गंभीर थी। उसे ट्रेविसो के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 5 लोगों को ट्रेंटो के हॉस्पिटल ले जाया गया है।

11,000 फुट की उंचाई वाले पर्वत पर था ग्लेशियर
अल्पाइन बचाव सेवा के प्रवक्ता वाल्टर मिलान बताया कि पुंटा रोक्का के पास इटालियन डोलोमाइट्स में सबसे ऊंचे मरमोलाडा पर्वत पर ग्लेशियर ढह गया। मरमोलाडा की ऊंचाई लगभग 11,000 फुट है। मरमोलाडा चोटी इलाके में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में 5 हेलिकॉप्टर और स्निफर डॉग्स की मदद ली जा रही।

ग्लेशियर टूटने के कारणों का पता नहीं
उन्होंने कहा कि यह पता नहीं चल पाया है कि ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा किन कारणों से टूटा। उन्होंने कहा कि जून महीने से ही इटली भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। ग्लेशियर टूटने की वजह गर्मी भी हो सकती है।ग्लोबल वार्मिंग की वजह से दुनिया भर के ग्लेशियर पिघल रहे हैं। इसे रोकने के लिए इटली के वैज्ञानिक एल्पाइन पहाड़ों पर मौजूद एक ग्लेशियर को बचाने के लिए उस पर सूरज की रोशनी रिफ्लेक्ट करने वाला तिरपाल बिछा दिया। इस काम को पूरा करने के लिए इटली की सरकार ने कैरोसेलो टोनाले कंपनी को जिम्म्दारी सैंपी थी।