अखिलेश यादव लेंगे राजनीति की क्लास, कार्यकर्ताओं को देंगे टिप्स

Bareilly Zone

बरेली (www.arya-tv.com) समाजवादी पार्टी के तीन दिवसीय मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन का शुभारंभ बुधवार को  हो गया। पीलीभीत बाइपास स्थित हवेली लॉन में  सुबह से ही सपा कार्यकर्ताओंं का जुटना शुरु हो गया था। कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए दूर से आए सपा  कार्यकर्ताओं को पास न मिलने के कारण प्रवेश नहीं मिल पाया। हालात ये रहे कि कार्यक्रम स्थल के बाहर ही सपा कार्यकर्ताओं की खासी भीड़ जमा रही। गौरतलब है कि सम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं ही कार्यकर्ताओं की चुनावी क्लास लेंगे। वह कार्यकर्ताओं को चुनाव जिताने संबंधी टिप्स भी देंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की क्लास में कार्यकर्ता मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। 

प्रदेश अध्यक्ष का हो रहा इंतजार 

मंडलीय सम्मेलन में बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष को शिरकत करना है लेकिन दोपहर 12 बजे से प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके थे। सपा कार्यकर्ता सहित कई पदाधिकारी उनके आने का इंतजार कर रहे है। हालांकि गोपनीयता बनाए रखने के लिए  कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल ले जाने पर पाबंदी लगा  रखी है। 

सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में मंडल भर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। मंडल की 25 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को डेलीगेट्स बनाया गया है। कार्यशाला में उन्हें तीनों दिन ट्रेनिंग दी जाएगी। अलग-अलग सत्रों में चलने वाले इस कार्यक्रम में लखनऊ के शीर्ष पदाधिकारी आकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यक्रम के दूसरे या तीसरे दिन आने की संभावना है। इस बाबत सपा के पदाधिकारी कुछ भी बताने से कतरा रहे है।