कीव के पास मारा गया रूसी सेना का मेजर जनरल, यूक्रेनी स्नाइपर ने किया शूट

# ## International

(www.arya-tv.com)यूक्रेन ने कीव से लगभग 48 किमी दूर डेरा डाले रूसी सेना के मेजर जनरल आंद्रेई सुखोवत्स्की की गोली मारकर हत्या कर दी है। जंग के बीच सुखोवत्स्की की हत्या को रूस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं, रूसी सेना ने अभी तक आधिकारिक तौर पर मेजर जनरल की मौत की पुष्टि नहीं की है।

रूस के सैन्य सूत्रों ने डेली मेल को बताया कि मेजर जनरल को स्नाइपर ने गोली मारी। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। सुखोवेत्स्की 47 साल के थे और उन्होंने एक सैन्य अकादमी से पास होने के बाद प्लाटून कमांडर के तौर पर सेना में सेवा शुरू की थी। अभी वे रूसी सेंट्रल फोर्स की 41वीं बटालियन के डिप्टी कमांडर के पद पर तैनात थे।

9 दिन में 490 से ज्यादा रूसी सैनिक मारे गए
यूक्रेन पर हमले के दौरान अब तक 9 दिनों में रूस के 490 से ज्यादा सैनिक मारे गए हैं। रूस रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को 498 सैनिकों के मरने को पुष्टि की थी। वहीं, यूक्रेन मीडिया ने दावा किया है कि रूस के 9,000 से ज्यादा सैनिकों को मार गिराया गया है, जबकि 2800 से ज्यादा यूक्रेनी सैनिकों की भी जान गई है।

कीव-खार्किव की घेराबंदी, माइकोलोव पर हमले की तैयारी
रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव सहित कई जगहों को चारों ओर से घेर लिया है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने दावा किया है रूस अब ब्लैक सी के नजदीक बसे माइकोलोव शहर पर अटैक कर सकता है। यहां का एक कोस्टगार्ड रूसी सेना के निशाने पर है।

यूक्रेन सेना के बटालियन इंजीनियर की भी हो गई थी मौत
कीव के पास यूक्रेन सेना के बटालियन इंजीनियर विटाली स्काकुन की भी पिछले दिनों मौत हो गई थी। एक पुल उड़ाने के दौरान स्काकुन की जान चली गई थी। रूस के खिलाफ जंग के लिए पूरे यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू है। सेना ने आम लोगों को भी हथियार देने का फैसला किया है।