(www.arya-tv.com)गाजियाबाद के नेहरूनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से एक महिला के लॉकर से करीब 70 लाख रुपए के जेवरात गायब होने का मामला सामने आया है। अशोकनगर बी-119 की रहने वाली प्रियंका गुप्ता ने इस मामले में बैंक अफसरों के खिलाफ थाना सिहानी गेट में IPC सेक्शन 406 (अमानत में ख्यानत) का मुकदमा दर्ज कराया है। प्रियंका के अनुसार, वह कोरोना के चलते 2 साल से लॉकर देखने नहीं जा पाई थीं।
अक्तूबर-2021 में बैंक में गईं तो लॉकर में चाभी लगाने में दिक्कत आई। इसके बाद बैंककर्मियों ने इस समस्या का समाधान करने में देरी की। प्रियंका ने बताया, 28 फरवरी 2022 को वह बैंक में पहुंची। लॉकर से उन्हें करीब 70 लाख रुपए के जेवरात गायब मिले हैं। एफआईआर में साल-2019 से अब तक तैनात रहे बैंक के अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है।