अमेरिका युद्ध के लिए उकसा रहा है, यूक्रेन का नाटो में शामिल होना दुनिया के लिए खतरा:पुतिन

# ## International

(www.arya-tv.com) रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस साल पहली बार यूक्रेन संकट पर प्रतिक्रिया दी है। पुतिन ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका रूस को यूक्रेन के साथ युद्ध शुरू करने के लिए उसका रहा है। वो रूस की तरक्की पर लगाम लगाना चाहता है। इसके लिए आर्थिक प्रतिबंध लगाने का बहाना खोज रहा है और इस लक्ष्य को पाने के लिए यूक्रेन का इस्तेमाल कर रहा है।

पूरी दुनिया के लिए खतरनाक

पुतिन ने मंगलवार को कहा- अगर यूक्रेन को नाटो में शामिल किया गया तो यह न सिर्फ रूस बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरनाक साबित होगा। यूक्रेन नाटो की सैन्य तकनीक और हथियार का इस्तेमाल क्रीमिया को वापस छीनने में कर सकता है। जिससे रूस और नाटो ब्लॉक के बीच युद्ध हो सकता है।

अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल

पुतिन ने मास्को में हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा- हम पर प्रतिबंध लगाने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। जैसे कि पहले हमें किसी संघर्ष में उलझा दे और फिर यूरोप में अपने सहयोगियों को मजबूर करे कि हम पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएं।

फिलहाल अमेरिका में इस पर चर्चा भी चल ही रही है। इन सभी सवालों को गहराई से देखें तो यह साफ हो जाता है कि इससे एक नेगेटिव डेवलपमेंट होगा। हम इससे बचना चाहते हैं।

समस्या को हल करने का एक तरीका खोजा जाना चाहिए

रूस के मुताबिक, सभी देशों के हितों को ध्यान रखते हुए इस समस्या को हल करने का एक तरीका खोजा जाना चाहिए। अमेरिका और नाटो ने पिछले हफ्ते रूस की मांगों पर लिखित जवाब दिया था। इस पर पुतिन ने कहा कि इसमें भी रूस की प्रमुख चिंताओं को नजरअंदाज कर दिया गया था। बता दें रूस ने सैन्य कार्रवाई के जरिए 2014 में यूक्रेन से क्रीमिया को छीन लिया था।

 काफी ज्यादा आक्रामक मोड में थे

पुतिन ने आखिर बार इस मुद्दे पर पिछले साल 23 दिसंबर को बयान दिया था। तब वे काफी ज्यादा आक्रामक मोड में थे, लेकिन मंगलवार को उनका रुख बदला हुआ नजर आया। पुतिन ने कहा- मुझे उम्मीद है कि हम इस परेशानी का हल ढूंढ लेंगे। हालांकि यह आसान नहीं है, हम इसे समझते हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जल्द ही मास्को का दौरा कर सकते हैं।

क्रेमलिन के प्रवक्ता, दिमित्री एस. पेसकोव ने मीडिया से कहा कि रूसी अधिकारी यूक्रेन संकट को कम करने के लिए अमेरिकी प्रस्ताव के जवाब में एक औपचारिक मसौदा तैयार कर रहे है। पुतिन ने मंगलवार को इटली के प्रधान मंत्री मारियो ड्रैगी से भी टेलीफोन पर बात की। इटली के PMO के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि अगर हालात बिगड़ते हैं, तो गंभीर नतीजे सामने आएंगे।