प्रयागराज (www.arya-tv.com) हज यात्रियों के लिए खुशखबरी है, खासकर उनके लिए जिनकी उम्र 65 वर्ष से अधिक हो गई है और वह उम्र को लेकर बनाए गए नियम के कारण हज यात्रा नहीं कर पा रहे थे। अधिक उम्र वाले लोगों के दिल में रही टीस अब खत्म होगी।
65 वर्ष से अधिक उम्र के लोग भी हज यात्रा पर जा सकेंगे। हज कमेटी आफ इंडिया ने इसके लिए बड़ा फैसला लिया है। 65 वर्ष की उम्र से अधिक लोगों के लिए हज यात्रा पर लगाई गई रोक को समाप्त कर दिया है। इस निर्णय से अब पूर्व की व्यवस्था बहाल हो गई है। अब 70 साल से अधिक आयु के लोग भी एक सहायक के साथ हज यात्रा पर जा सकेंगे।
कोरोना वायरस संक्रमण के कारण बना था नियम
देश में कोरोना वायरस के संक्रमण फैल जाने के बाद हज कमेटी आफ इंडिया ने 65 साल की उम्र से अधिक लोगों के लिए हज यात्रा पर रोक लगा दी थी। इससे उम्रदराज लोगों की हज यात्रा की अभिलाषा पूरी नहीं हो पा रही थी। नवंबर से प्रयागराज जिले में हज यात्रा के लिए आवेदन की शुरुआत हुई थी। हालांकि इसमें 65 वर्ष की उम्र तक वाले लोगों को ही आवेदन करने की छूट दी गई थी। इससे अधिक उम्र वालों का आवेदन स्वीकार नहीं किया जा रहा था।
जानें, हज यात्रा के लिए पहले क्या था नियम
कोरोना संक्रमण के पहले 70 वर्ष से अधिक आयु के लोग हज यात्रा पर जा सकते थे। इसके लिए उन्हें अपने साथ एक सहायक ले जाना होता था। प्रति वर्ष बड़ी संख्या में लोग एक सहायक के साथ हज यात्रा करने के लिए जाते थे। वहीं कोरोना वायरस के कारण उम्र का प्रतिबंध लगा तो बड़ी संख्या में लोगों की हज यात्रा की अभिलाषा अधूरी रह गई।
31 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन
हज यात्रा के लिए 31 जनवरी 2022 तक आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए पूर्व में ही आदेश जारी किया गया था। उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जगमोहन ने बताया बड़ी संख्या में उम्रदराज लोग ही हज यात्रा पर जाते हैं। अब नियम बदलने पर आवेदन की संख्या बढ़ेगी।