देश में कोरोना के केस 3 करोड़ के पार, पिछले एक करोड़ मामले सिर्फ 50 दिन में आए

Health /Sanitation

(www.arya-tv.com)देश में कोरोना के मरीजों की संख्या मंगलवार को 3 करोड़ के पार हो गई। भारत में कोरोना का पहला मरीज 30 जनवरी 2020 को मिला था। इसके 17 महीने बाद कुल मरीजों की संख्या 3 करोड़ पहुंची है। पिछले 1 करोड़ केस तो सिर्फ 50 दिन में मिले हैं। उस समय देश में दूसरी लहर अपने पीक पर थी। तब एक दिन में रिकॉर्ड 4 लाख से ज्यादा संक्रमित मिल रहे थे। यह संख्या पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा थी।

दूसरी लहर कमजोर पड़ने और वैक्सीनेशन का दायरा बढ़ने के कारण नए मामले फिर 50 हजार के अंदर आ गए हैं। सोमवार को 42,683 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान 81,031 लोगों ने कोरोना को मात दी और 1,167 लोगों की मौत हो गई। करीब 3 महीने बाद कोरोना के नए संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार से नीचे आया है। इससे पहले 23 मार्च को 47,239 कोरोना संक्रमित मिले थे।

भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश
भारत दुनिया में कोरोना से दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। सबसे ज्यादा 3.44 करोड़ केस अमेरिका में आए हैं। हालांकि दोनों में अब सिर्फ 44 लाख केस का अंतर बाकी है। अमेरिका ने अपने यहां तेजी से वैक्सीनेशन कर संभावित तीसरी लहर को रोक रखा है। अमेरिका में अब 10 हजार से कम नए केस मिल रहे हैं। भारत में अगर अभी की रफ्तार से केस मिले तो वह अमेरिका को पीछे छोड़ सकता है।

सिर्फ 17% आबादी को पहला डोज लगा
वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू हुए 5 महीने होने के बावजूद भारत में अब तक सिर्फ 17.8% आबादी को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लग पाया है। 3.9% लोगों को दूसरा डोज लगा है।

सबसे ज्यादा प्रभावित 5 राज्यों में 4 दक्षिण भारत के
देश में कोरोना के सबसे ज्यादा 59 लाख मामले महाराष्ट्र में मिले हैं। इसके बाद केरल-कर्नाटक में 28-28 लाख, तमिलनाडु में 24 लाख और आंध्र प्रदेश में 18 लाख केस सामने आए हैं। सबसे ज्यादा आबादी वाला उत्तर प्रदेश 17 लाख के साथ छठवें नंबर पर है। देश की राजधानी दिल्ली में 14 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।

सोमवार को वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बना
सोमवार को देश भर में 86 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया। यह देश में एक दिन में वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड है। इससे पहले 5 अप्रैल को एक दिन में सबसे ज्यादा 43 लाख से डोज दिए गए थे।
मंगलवार को भी रात 8 बजे तक 52 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। यानी लगातार दोनों दिन पिछले रिकॉर्ड से ज्यादा वैक्सीनेशन हुआ है।