कर्नाटक सरकार ने 14 जून तक बढ़ाया लॉकडाउन; नए मामलों में कमी लेकिन एक्टिव केस अभी भी ज्यादा

Health /Sanitation National

(www.arya-tv.com)कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को राज्य में लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया। पहले यहां 24 मई से 7 जून तक लॉकडाउन लगाया गया था। इसे एक हफ्ते और बढ़ा दिया गया है। राज्य में नए मामले कम हो रहे हैं, लेकिन संक्रमण अब भी काबू में नहीं आया है। एक्टिव केस अभी भी कम नहीं हुए हैं।

येदियुरप्पा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एक्सपर्ट्स की सिफारिश के बाद पाबंदियों को 14 जून की सुबह तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है। राज्य में 27 अप्रैल से पाबंदियां लागू हैं। पहले इसे 10 मई से बढ़ाकर 24 मई किया गया। फिर बढ़ाकर 7 जून तक कर दिया गया था।

देश में 24 घंटे में 1.33 लाख केस आए
पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के मामलों में मामूली बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। यहां बुधवार को 1 लाख 33 हजार 953 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह आंकड़ा मंगलवार के मुकाबले करीब 800 ज्यादा है। हालांकि, संक्रमण की वजह से होने वाली मौतों के आंकड़ों में कोई खास कमी नहीं हो रही। पिछले 24 घंटे में 2,898 लोगों की मौत हुई।

राहत की बात यह रही कि इस दौरान 2 लाख 11 हजार 750 संक्रमित ठीक हो गए। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों के आंकड़े में 80,749 की कमी दर्ज की गई। देश में कोरोना के घटते आंकड़ों के बीच अब भी 5 राज्य ऐसे हैं, जहां एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। इनमें कर्नाटक (2.93 लाख), तमिलनाडु (2.88 लाख), महाराष्ट्र (2.16 लाख), केरल (1.92 लाख) और आंध्र प्रदेश (1.43 लाख) शामिल हैं।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.33 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.11 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,898
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.84 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.63 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.38 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 17.08 लाख