पर्सीवरेंस रोवर ने लाल ग्रह से पहली कलर्ड फोटो और सेल्फी भेजी

International

(www.arya-tv.com)अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के पर्सीवरेंस मार्स रोवर (Perseverance Rover) ने मंगल (Mars) ग्रह से दुनिया के लिए पहली कलर्ड फोटो और खुद की सेल्फी भेजी है। शुक्रवार देर रात नासा ने सोशल मीडिया के जरिए पूरी दुनिया के साथ शेयर की। यही नहीं, पहली बार किसी दूसरे ग्रह पर गए हेलीकॉप्टर ने भी अपनी पहली रिपोर्ट नासा को भेजी है। इसमें हेलिकॉप्टर ने बताया बताया है कि उसकी लैंडिंग के बाद वहां सबकुछ ठीक है। रिपोर्ट में मंगल ग्रह के तापमान की जानकारी भी दी गई है। इसमें रात का तापमान माइनस 90 डिग्री सेल्सियस बताया गया है।

हैलो वर्ल्ड, ये मेरा पहला लुक
पर्सीवेरेंस रोवर ने जजीरो (Jezero) नामक एक 820 फुट गहरे क्रेटर पर लैंडिंग की, साथ ही अपनी पहली सेल्फी दुनिया के साथ साझा की। पर्सीवरेंस रोवर के सोशल मीडिया अकाउंट से मंगल की फोटो और खुद की सेल्फी शेयर की गई है। इसमें लिखा है, ‘हैलो वर्ल्ड, मेरे हमेशा के लिए घर से मेरा पहला लुक’। एक अन्य पोस्ट में लिखा गया है, ‘एक दूसरा दृश्य मेरे पीछे दिख रहा है। स्वागत है जेजेरो (Jezero)में।’

नासा का दावा, अब तक की सबसे सटीक लैंडिंग
पर्सीवरेंस मार्स रोवर (Perseverance Rover) गुरुवार को मंगल (Mars) पर जीवन की तलाश के लिए उतरा गया था। इसने भारतीय समय के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब दो बजे मार्स की सबसे खतरनाक सतह जजीरो क्रेटर पर लैंडिंग की। इस सतह पर कभी पानी हुआ करता था। नासा ने दावा किया है कि यह अब तक के इतिहास में रोवर की मार्स पर सबसे सटीक लैंडिंग है। पर्सीवरेंस रोवर लाल ग्रह से चट्‌टानों के नमूने भी लेकर आएगा।

6 पहियों वाला रोबोट सात महीने में 47 करोड़ किलोमीटर की यात्रा पूरी कर तेजी से अपने लक्ष्य के करीब पहुंचा। आखिरी सात मिनट बेहद मुश्किल और खतरनाक रहे। इस वक्त यह सिर्फ 7 मिनट में 12 हजार मील प्रतिघंटे से 0 की रफ्तार पर आया। इसके बाद लैंडिंग हुई थी।