भूकंप से तिब्बत में 18 मौतें, आज सुबह सुबह चीन-पाकिस्तान-अफगानिस्तान में हिली धरती

International

चीन और पाकिस्‍तान के साथ ही अफगानिस्‍तान में आज यानी शुक्रवार 23 अक्‍टूबर 2026 की सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, तीनों देशों में सुबह आए भूकंप की तीव्रता रिक्‍टर स्‍केल पर 4.1, 4.4 और 4.9 मापी गई। इससे एक दिन पहले यानी गुरुवार 22 अक्‍टूबर को तिब्‍बत में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए थे और इसकी तीव्रता 7.0 मापी गई थी। इस आपदा में अब तक तिब्‍बत में 18 लोगों की मौत की खबर है और भूकंप से प्रभावित इलाकों में घर-मकान को भी व्‍यापक पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।

तिब्बत में भूकंप के तेज झटके से तबाही

गुरुवार को चीन के दूर-दराज के तिब्बत इलाके में 7.0 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य लोग घायल हो गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (US Geological Survey) के अनुसार, यह भूकंप रात 10:33 बजे (1433 GMT) आया। इसका केंद्र नाग्कू (Nagqu) से लगभग 190 किलोमीटर (120 मील) पूर्व-उत्तर-पूर्व में और क्षेत्रीय राजधानी ल्हासा से 390 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में एक पहाड़ी इलाके में था। चीन सेंट्रल टेलीविजन (CCTV) ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि 46 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 11 की हालत गंभीर है। इसके अलावा, 339 घर ढह गए या क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

चीनी मीडिया एजेंसी ने दी अहम जानकारी
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, भूकंप की वजह कुछ हिस्सों में संचार व्यवस्था ठप हो गई है और एहतियातन इस क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों को रोकने के लिए आपात कदम उठाए हैं। भूकंप के बाद चट्टानें खिसकने से नेशनल हाईवे 317 का एक हिस्सा भी बंद कर दिया गया है। शिन्हुआ के मुताबिक, भूकंप प्रभावित क्षेत्र में अगले तीन दिनों के दौरान रुक-रुककर बर्फबारी होने की संभावना है।