शाहबाद थाना क्षेत्र के ढकिया चौकी क्षेत्र के मधुकर गांव में शुक्रवार सुबह एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान राखी के रूप में हुई है, जिसका शव घर के बरामदे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय मृतका के माता-पिता रामवीर सिंह और उनकी पत्नी पूनम सुबह खेत पर गए हुए थे। जब वे लौटकर घर आए, तो उन्होंने अपनी बेटी को फंदे पर लटका देखा, जिससे उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में बेटी को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।
उधर, मृतक युवती के परिजन गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी की हत्या करके शव को फंदे पर लटकाया गया है। सूचना मिलते ही कोतवाल धनंजय सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
