(www.arya-tv.com) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज मौनी अमावस्या पर्व पर बेटी मिराया के साथ संगम नगरी प्रयागराज पहुंचीं। उन्होंने त्रिवेणी के संगम पर डुबकी लगाई। संगम पर प्रियंका नाव चलाते हुए भी नजर आईं।इस दौरान उन्होंने मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।प्रियंका सबसे पहले नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक आवास आनंद भवन गईं। यहां उन्होंने अपने परदादा और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के स्मृति स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। यह वही जगह है, जहां संगम में विसर्जन से पहले नेहरू की अस्थियां रखी गई थीं प्रियंका ने आनंद भवन स्थित अनाथालय में बच्चों के साथ भी कुछ पल बिताया। इस दौरान एक बच्ची को गोद में लिए हुए नजर आईं।
प्रशासन ने VIP ट्रीटमेंट न देने की बात कही थी
प्रियंका के दौरे पर प्रयागराज के IG केपी सिंह ने कहा था कि मौनी अमावस्या पर हम किसी को भी VIP ट्रीटमेंट नहीं देंगे। कोई प्रोटोकॉल नहीं है, वे एक सामान्य व्यक्ति की तरह आ सकती हैं और अनुष्ठान में हिस्सा ले सकती हैं।सहारनपुर में भी प्रियंका के अंदाज की चर्चा हुई थी
बुधवार यानी 9 फरवरी को प्रियंका सहारनपुर गई थीं। इस दौरान उन्होंने काला कुर्ता, भगवा गमछा और माथे पर तिलक के साथ पंचायत को संबोधित किया था। सहारनपुर में प्रियंका ने शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा की, फिर एक दरगाह पर गईं। गुरुवार को संगम में उनका स्नान सॉफ्ट हिंदुत्व एजेंडे को धार देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।