(www.arya-tv.com) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कहा कि भारत में वैक्सीनेशन ड्राइव कोरोना के अंत की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि हम दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान शुरू करने जा रहे हैं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि देश में बनी दोनों वैक्सीन पर भरोसा रखें। इन्हें पूरी वैज्ञानिक प्रक्रिया के बाद ही इमरजेंसी यूज की अप्रूवल दी गई है।
उन्होंने कहा कि दुनिया की आबादी का छठवां हिस्सा भारत में रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आधिकारिक रूप से कोरोना के टीकाकरण की शुरुआत करेंगे। हमने पूरी तरह से तैयारी कर रखी है। देशभर में 3006 सेंटर्स पर करीब 3 लाख हेल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी।
जहां 1 लाख से 9 लाख तक संक्रमित, वहां एक्टिव केस 5 हजार से कम
देश में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। जिन 10 राज्यों में एक लाख से 9 लाख तक संक्रमण के मामले सामने आए हैं, वहां एक्टिव केस 5 हजार से भी कम रह गए हैं। ऐसे राज्यों में सबसे ज्यादा केस आंध्र प्रदेश में हैं, जहां 8.85 लाख मामले मिले। हालांकि अब यहां सिर्फ 2,338 एक्टिव केस बचे हैं।
इसके अलावा दिल्ली, ओडिशा, तेलंगाना, हरियाणा, बिहार, असम, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में संक्रमण के मामले एक से 9 लाख के बीच हैं, लेकिन एक्टिव केस 5 हजार से कम बचे हैं।
