लखनऊ से बड़ी खबर, होटल सेलेस्टियल ओमेक्स की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, बॉयफ्रेंड फरार

# ## Lucknow
लखनऊ में होटल सेलेस्टियल ओमेक्स की 10वीं मंजिल से गिरकर एक युवती की मौत हो गई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

लखनऊ:  यूपी की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाली खबर है। यहां के सुशांत गोल्फ सिटी के न्यू हजरतगंज स्थित होटल सेलेस्टियल ओमेक्स की 10वीं मंजिल से गिरकर एक युवती की मौत हो गई है। युवती कमरे में बॉयफ्रेंड के साथ रुकी थी। बॉयफ्रेंड फरार है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवाकर युवती के परिजनों को सूचना दी है। युवती होटल के कमरा नंबर 1037 से नीचे गिरी है।

पुलिस जांच में जुटी

चौक निवासी युवती की 10वीं मंजिल से गिरकर संदिग्ध मौत हुई है। प्रेमी के साथ युवती बिल्डिंग के 10वें मंजिल पर रुकी थी। कमरा बुक करवाया गया था लेकिन मौके से बॉयफ्रेंड फरार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना शाम को करीब 6 बजे की बताई जा रही है। दोनों ने आज सुबह कमरे में एंट्री की थी, शाम को युवती के कमरे से गिरने की सूचना होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने दी।

हजरतगंज में अवध ग्रीन अपार्टमेंट में भी एक युवक की चौथी मंजिल से गिरकर मौत

हाल ही में लखनऊ के हजरतगंज में अवध ग्रीन अपार्टमेंट में भी एक युवक की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। मृतक की पहचान युवा कारोबारी शिवा शर्मा के रूप में हुई थी। शिवा की मां ने उसकी कथित लिव-इन पार्टनर और मॉडल श्रद्धा दुबे पर हत्या का आरोप लगाया था।

मृतक की मां रंजना शर्मा ने FIR दर्ज करवाकर शिकायत की थी कि श्रद्धा दुबे, उसका ड्राइवर, श्रद्धा की बहन रश्मि दुबे, आदिल और कुछ अन्य अज्ञात लोगों द्वारा मेरे बेटे की हत्या की प्रबल आशंका है। श्रद्धा दुबे द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर ये हत्या करवाई गई है।

दोनों ही मामलों में एक समानता है कि दोनों की मौत ऊपरी मंजिल से गिरकर हुई और हत्या का शक उनके पार्टनर्स पर जा रहा है। अब देखना ये होगा कि दोनों ही मामलों की जब परतें खुलती हैं तो क्या सच्चाई सामने आएगी। शिवा शर्मा मामले में भी उनकी कथित गर्लफ्रेंड फरार है और ओमेक्स मामले में भी लड़की का बॉयफ्रेंड फरार है। इन दोनों ही मामलों की लखनऊ में काफी चर्चा हो रही है और ये दोनों ही मामले हाई प्रोफाइल भी लग रहे हैं।