यूपी के पीलीभीत के अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के हिसाब किताब के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। रात में कहासुनी के बाद एक पक्ष की ओर से रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, इसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। सिर में गोली लगने से 14 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव और कंधे में गोली लगने से अंकित गुप्ता की मौत हो गई। वहीं, अंकित के भाई मोहित को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
थाने के पास ही हुई फायरिंग
आरोप है कि कौशल गुप्ता और उसके साथियों ने छोटे से विवाद को लेकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। गोली चलाने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कहा जा रहा है कि फायरिंग की घटना थाने से 500 मीटर दूरी पर ही हुई है।
तीन लोगों की मौत से मचा हड़कंप
रामलीला मेले में हुए इस गोली कांड में तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसपी व एएसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया, पुलिस ने तीन आरोपी को हिरासत में लिया है। सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां कुनाल और अंकित को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि मोहित गुप्ता को बरेली में मृत घोषित किया गया।घटना के बाद कस्बे में तनाव का माहौल बन गया है और लोग अपने अपने घरों में बंद हैं। इस घटना के बाद जिला अस्पताल में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्यों हुआ विवाद
पीलीभीत के अमरिया कस्बा में नवरात्रि के मौके पर प्रतिवर्ष रामलीला का मंचन होता है। पिछले वर्ष मेला कमेटी के पदाधिकारी रहे अमित गुप्ता ने सोमवार की रात बैठक बुलाई। बैठक में खर्चे के हिसाब को लेकर चर्चा शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, कस्बा में रहने वाला कौशल गुप्ता इस बार मेला कमेटी का पदाधिकारी बनने की दावेदारी कर रहा था। उसने खर्चे के हिसाब पर सवाल उठाते हुए हंगामा कर दिया। अमित और उनके सहयोगी कुणाल गुप्ता आदि ने इस पर आपत्ति जताई। कहा कि पूरी कमेटी बैठी है, संयम से काम लें। प्रत्येक खर्च का हिसाब दिया जा रहा है, इस पर बेवजह हंगामा न करें। इसी विवाद के बाद अचानक फायरिंग होने लगी।
