- मिशन शक्ति के तहत दक्षिणी जोन पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, महिलाओं की सुरक्षा के साथ यातायात नियमों का दिया संदेश
- अहिमामऊ अंडरपास पर आयोजित कार्यक्रम में महिला अधिकारों, हेल्पलाइन सेवाओं और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
लखनऊ। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के साथ यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को लखनऊ पुलिस के दक्षिणी जोन की ओर से मिशन शक्ति अभियान के छठवें चरण के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर तथा पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने किया। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अहिमामऊ अंडरपास पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं, बालिकाओं और आम नागरिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षित, सशक्त और भयमुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
- महिलाओं को अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों, महिला अपराधों की रोकथाम और पुलिस की सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने सम्मान, समानता और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश देते हुए महिलाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पुरुषों और आम नागरिकों से भी महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने तथा सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई।
- यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर
जागरूकता अभियान में महिलाओं, बालिकाओं और पुरुषों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और नियमों की अनदेखी से बचने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
- हेल्पलाइन नंबरों से मिलेगी तत्काल सहायता
पुलिस ने आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा संबंधी सहायता के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181 और बच्चों की सहायता के लिए 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने की अपील भी की गई। पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध उत्पीड़न या अपराध की जानकारी मिलने पर संबंधित पुलिस इकाई को सूचित करने और सुरक्षा संबंधी प्रयासों में सहयोग देने का आह्वान किया।
- मिशन शक्ति के जरिए महिला सशक्तीकरण पर जोर
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, पीड़िताओं को सहायता उपलब्ध कराने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके तहत महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड, पिंक बूथ और बीट पुलिसिंग के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं तक सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई जा रही है। दक्षिणी जोन पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के साथ जनसहभागिता के जरिए सुरक्षित एवं भयमुक्त समाज का निर्माण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
