अमर दुबे की शादी में पहुंचा था दरोगा केके शर्मा, बगल में खड़े विकास दुबे ने कहा था- डरो नहीं नजदीक आ जाओ

UP

(www.arya-tv.com)कानपुर शूटआउट के आरोपी विकास दुबे का नया वीडियो सामने आया है, जो उसके राइट हैंड अमर दुबे की 29 जून को हुई शादी का है। इसमें बीट प्रभारी दरोगा केके शर्मा भी दिख रहा है। वह वरमाला स्टेज पर विकास दुबे के साथ वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचा था। तभी विकास दुबे ने उसे अपनी तरफ खींचते हुए कहा कि, डरो नहीं। नजदीक आ जाओ। बता दें कि, 10 जुलाई की सुबह विकास दुबे का कानपुर के भौंती में एनकाउंटर कर दिया गया था। जबकि, अमर दुबे 9 जुलाई को हमीरपुर में पुलिस के साथ हुए मुठभेड़ में ढेर हुआ था। दरोगा शर्मा पर विकास दुबे को दबिश की मुखबिरी करने का आरोप है। एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

चौबेपुर एसओ और दरोगा केके शर्मा की जल्द हो सकती है बर्खास्तगी

बिकरु गांव चौबेपुर थाना क्षेत्र में है। बीते दो जुलाई को बिकरु गांव में चौबेपुर के अलावा शिवराजपुर और बिठूर थाने की फोर्स लेकर सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्र विकास दुबे की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंचे थे। लेकिन, विकास दुबे को दबिश की भनक पहले ही लग गई थी। आरोप है कि दबिश की सूचना चौबेपुर के एसओ रहे विनय तिवारी और बीट इंचार्ज केके शर्मा ने दी थी। इसके सबूत भी एसटीएफ के हाथ लगे। विकास दुबे ने केके शर्मा से कहा था कि, आज बिकरु गांव से लाशें उठेंगी। मुठभेड़ के वक्त विकास दुबे और उसके साथियों ने सीओ समेत आठ पुलिस वालों की हत्या कर दी। एसटीएफ ने विनय तिवारी और केके शर्मा को गिरफ्तार कर जेला भेजा था। अब इन पर जल्द ही बर्खास्तगी की कार्रवाई भी होगी।

खुद की जान को बताया था खतरा
दरोगा केके शर्मा ने विकास दुबे और उसके पांच साथियों के एनकाउंटर के बाद खुद की जान को खतरा बताते हुए तीन दिन पहले सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। शर्मा ने मामले की जांच यूपी पुलिस के बजाय सीबीआई या किसी दूसरी स्वतंत्र एजेंसी से कराए जाने की मांग की है।