मणिपुर में लॉकडाउन 31 अगस्त तक बढ़ा; अब तक 25.30 लाख मरीज

National
  • देश में अब तक 49 हजार 171 मौतें हो चुकी हैं, शुक्रवार को 990 मरीजों ने कोरोना से दम तोड़ा
  • स्वस्थ हुए मरीजों की दर 71% हुई, शुक्रवार को सबसे ज्यादा 12,608 केस महाराष्ट्र में मिले

(www.arya-tv.com) महाराष्ट्र के सहकारिता मंत्री बाला साहेब पाटिल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें कराड के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वे शुक्रवार को संक्रमित मिले थे। वहीं, कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए मणिपुर सरकार ने राज्य में 31 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है।

इस बीच, देश में शनिवार देर रात तक कोरोना से मौतों की संख्या 50 हजार पार हो जाएगी। फिलहाल हर रोज 900 से ज्यादा मौतें होने लगी हैं। यह औसत अमेरिका और ब्राजील के बराबर ही है। भारत में अब तक 49 हजार 171 मौतें हो चुकी हैं। वहीं, दुनिया में यह आंकड़ा 7 लाख 63 हजार 733 पहुंच गया है। यानी भारत में अब तक दुनिया की सिर्फ 6.5% मौतें हुई हैं।

उधर, राहत की बात यह है कि भारत में जिस रफ्तार से नए मरीज बढ़ रहे हैं, उस रफ्तार से मौतें नहीं बढ़ रही हैं। मसलन, देश में शुरुआती 10 हजार मौतें 16 जून तक हो गई थीं, तब कुल 3.54 लाख मरीज थे। यानी इनमें से 2.82% मरीजों की मौत हुई। लेकिन, पिछली 10 हजार मौतें 5.96 लाख मरीजों में से हुई हैं, यानी सिर्फ 1.68% मरीज नहीं बचाए जा सके। उधर, देश में कोरोना मरीजों की संख्या 25 लाख 30 हजार 943 हो गई है।