एक दिसम्बर से मजदूरों को मिलेंगे बिस्तर-कंबल, रात का भोजन भी फ्री…18 शहरों में खुलेंगे लेबर अड्डे

# ## Lucknow

 कड़ाके की ठंड में काम की तलाश में शहर आने वाले निर्माण और प्रवासी मजदूरों को अब खुले आसमान के नीचे रात नहीं गुजारनी पड़ेगी। योगी सरकार एक दिसंबर से प्रदेश के 18 महानगरों में निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे शुरू करने जा रही है। यहां श्रमिकों को बिस्तर, तकिया, चादर और कंबल के साथ रात का भोजन भी मुफ्त मिलेगा। वैध पहचान पत्र दिखाकर मजदूर इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत ये लेबर अड्डे एक दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक संचालित होंगे। गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी और गौतमबुद्धनगर में इनकी स्थापना होगी। श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने संबंधित जिलाधिकारियों को इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।

लेबर अड्डे रेलवे और बस स्टेशनों, श्रमिक मंडियों, बड़े निर्माण स्थलों तथा औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास बनाए जाएंगे। जरूरत के मुताबिक 30 या 60 बेड की क्षमता वाले केंद्र खोले जा सकेंगे। महिला और पुरुष श्रमिकों के ठहरने की अलग-अलग सुरक्षित व्यवस्था होगी। यहां पेयजल, शौचालय और स्नानागार जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार और टाइल्स कारीगर समेत निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिक इसका लाभ ले सकेंगे। केंद्रों पर श्रमिकों के तत्काल पंजीकरण और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था भी होगी। रात के भोजन पर प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये खर्च किए जाएंगे।योजना के संचालन के लिए 18 जिलों को अग्रिम तौर पर 10-10 लाख रुपये जारी किए गए हैं। केंद्रों की निगरानी जिलाधिकारियों के नामित नोडल अधिकारी और श्रम विभाग के अधिकारी करेंगे। उपस्थिति रजिस्टर और जियो टैग फोटो से लाभार्थियों तथा भोजन वितरण का सत्यापन होगा।