बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की आज शादी है.. ये शादी समारोह पूरे देश में सुर्खियों में बना हुआ है। इस समारोह के लिए काफी भव्य तैयारी की गई है। दावा किया जा रहा है कि शादी समारोह में 4 लाख से ज्यादा मेहमान पहुंचने वाले हैं जिनके लिए मेन्यू में 150 तरह के शाकाहारी व्यंजन होंगे। कहा जा है कि 30 लाख रसगुल्ले और 50 लाख गुलाब जामुन तैयार किए जा रहे हैं और सबसे ज्यादा चर्चा आज होने जा रही घुड़दौड़ प्रतियोगिता की हो रही है जिसके पहले विजेता को महिंद्रा थार गाड़ी, दूसरे को बाइक और तीसरे को स्कूटी मिलेगी। अनंत सिंह की बेटी की शादी में राजनेताओं से लेकर अभिनेता और कई नामी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।
5-6 हेलीपैड भी बनाए गए
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की आज शादी है। बाढ़ में उनके पैतृक गांव नदवां में इसकी ग्रैंड तैयारी की गई है। पूरे देश से नामी हस्तियां इसमें शामिल होने के लिए पहुंचने रहीं है। राजनेता से लेकर अभिनेता तक, इस शादी का गवाह बनने जा रहे हैं। करीब 4 लाख से ज्यादा मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है जिसके स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई है। विवाह समारोह के लिए 8 विशाल पंडाल बनाए गए हैं। हवा महल थीम पर बने 30 फीट ऊंचे मंच पर जयमाला होगी। VIP मेहमानों के लिए 5-6 हेलीपैड भी बनाए गए हैं।
150 तरह के शाकाहारी व्यंजन
शादी में खान-पान से लेकर मिठाई-मिष्टान के पूरे इंतजाम किए गए हैं। मेन्यू में 150 तरह के शाकाहारी व्यंजन होंगे। 30 लाख रसगुल्ले और 50 लाख गुलाब जामुन बनाने का दावा किया जा रहा है। मिठाइयों के लिए 10 हजार लीटर दूध लाया गया है। साथ ही 1000 किलो पनीर का इंतजाम किया गया है। कहा जा रहा है कि 300 से ज्यादा चूल्हों पर खाना बन रहा है और हलवाई की 14 टीमें इस काम में लगी हैं।
घुड़दौड़ प्रतियोगिता सुर्खियों में
ये शादी समारोह एक खास आयोजन के लिए भी सुर्खियां बटोर रहा है। वो है आज होने जा रही घुड़दौड़ प्रतियोगिता जिसमें विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे को बाइक और तीसरे को स्कूटी मिलेगी।बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए 50 से ज्यादा घुड़सवारों को बुलाया है। बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ ही यूपी, राजस्थान, गुजरात समेत अलग-अलग राज्यों के घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ पहुंचे हैं। इसके लिए करीब 11 बीघा जमीन पर रेस ट्रैक तैयार किया गया है। घोड़ों और घुड़सवारों के रहने के लिए अनंत सिंह ने पूरी व्यवस्था की है। घोड़ों और घुड़सवारों के लिए रहने और खाने पीने का पूरा इंतजाम किया गया है। घुड़दौड़ के लिए पिछले 15 दिनों से प्रैक्टिस चल रही है। रेस में जो घोड़े अपना दमखम दिखाने को तैयार हैं उनमें ‘बारूद’, ‘लाल बादशाह’, ‘खगड़िया’, ‘बाबर’, ‘रॉकेट’ और ‘सिकंदर’ जैसे नाम शामिल हैं।
निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे अनंत सिंह
बेटी की शादी के साथ ही अनंत सिंह चुनाव लड़ने की तैयारी में भी जुट गए हैं। बेटी शिवांगी के हल्दी समारोह मे आए बीजेपी विधायक सुशील सिंह से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने खुद इसका खुलासा किया। निर्दलीय लड़ना है, निर्दलीय में हमें जितना वोट मिलता है पार्टी में नहीं मिलता है। दरअसल, पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोप में JDU ने अनंत सिंह को पार्टी से निकाल दिया है। JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशावाहा ने स्पीकर से इनकी सदस्यता रद्द करने को लेकर पार्टी की तरफ से प्रमाण के साथ लिखकर भी दे दिया है। इस पर स्पीकर ने अनंत सिंह को नोटिस भेजा है। संभावना है कि अनंत सिंह की विधानसभा की सदस्यता कभी भी समाप्त की जा सकती है। बेटी की शादी की व्यस्तता की वजह से अनंत सिंह ने नोटिस के जवाब के लिए समय मांगा था। इसके बाद स्पीकर की तरफ से इन्हें 30 नवंबर तक का वक्त दिया गया है। फिलहाल आज सबकी निगाहें अनंत सिंह की ओर से आयोजित शादी समारोह पर है। देखना दिलचस्प होगा कि कौन कौन हस्तियां शादी समारोह में पहुंचती हैं।
