Bareilly News: 162 करोड़ बकाया, केसर शुगर मिल की कुर्क जमीन 41.05 करोड़ में नीलाम

# ## Bareilly Zone
केसर शुगर मिल पर किसानों का 162 करोड़ रुपये से अधिक गन्ना मूल्य बकाया है और इसकी वसूली के लिए कुर्क की गई जमीन आखिरकार 41.05 करोड़ रुपये में नीलाम हो गई। बहेड़ी के मुड़िया मुकर्रमपुर स्थित 11.443 हेक्टेयर जमीन के लिए चार फर्मों ने बोली लगाई। 35 करोड़ रुपये के आरक्षित मूल्य से शुरू हुई नीलामी में एएनजी इन्फ्रा इंजीनियरिंग ने सबसे ऊंची बोली लगाई। फर्म ने 25 प्रतिशत धनराशि तत्काल जमा कर दी है, जबकि शेष रकम जमा करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

केसर शुगर मिल पर पेराई सत्र 2024-25 के गन्ना मूल्य और अंशदान के कुल 16230.46 लाख रुपये बकाया हैं। भुगतान नहीं होने पर गन्ना आयुक्त ने मिल के खिलाफ आरसी जारी की थी। इसके बाद प्रशासन ने जुलाई 2025 में चीनी मिल की जमीन समेत कई संपत्तियां कुर्क कर ली थीं। बकाया वसूली के लिए कुर्क जमीन की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन शुरुआती प्रयास सफल नहीं हुए।

इससे पहले 30 मई 2026 को नीलामी कराई गई थी। इसमें 28.05 करोड़ रुपये की सर्वाधिक बोली लगी, लेकिन किसान संगठनों और मिल प्रतिनिधियों की आपत्तियों के बाद नीलामी निरस्त कर दी गई। इसके बाद डीएम अविनाश सिंह ने संबंधित पक्षों के साथ बैठक की और मंडलायुक्त से विचार-विमर्श के बाद दोबारा नीलामी कराने का निर्णय लिया गया। नई सर्किल दरों के आधार पर पुनर्मूल्यांकन में जमीन का मूल्य 33.78 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया। इसके बाद 35 करोड़ रुपये आरक्षित मूल्य तय किया गया।

17 नवंबर को तहसील सभागार बहेड़ी में हुई नीलामी में एएनजी इन्फ्रा इंजीनियरिंग के अलावा एक्सपेंडेंट लाइफ रिसर्च एंड कंसल्टेंसी, पिंगाक्ष इंटरप्राइजेज और शारदा एग्री फूड्स ने भी हिस्सा लिया। प्रशासन के मुताबिक, बोली के 68 चरण चले और 41.05 करोड़ रुपये की सर्वाधिक बोली एएनजी इन्फ्रा इंजीनियरिंग, बहेड़ी ने लगाई। इसके बाद किसी अन्य फर्म ने बोली आगे नहीं बढ़ाई। सफल बोलीदाता ने 10.26 करोड़ रुपये यानी कुल बोली की 25 प्रतिशत धनराशि तत्काल जमा कर दी। शेष 75 प्रतिशत रकम जमा करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

डेढ़ साल से चल रही थी नीलामी की कोशिश

केसर शुगर मिल की कुर्क जमीन की नीलामी कराने के लिए प्रशासन करीब डेढ़ साल से प्रयास कर रहा था। इस दौरान कई बार तारीखें तय की गईं, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। 30 मई 2026 को हुई पिछली नीलामी में आदेश पांडेय ने 28.05 करोड़ रुपये की सर्वाधिक बोली लगाई थी। हालांकि, किसान संगठनों और मिल प्रतिनिधियों की आपत्तियों के बाद इसे निरस्त कर दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने नए सिरे से मूल्यांकन कराकर 17 नवंबर को दोबारा नीलामी कराई।