सर्दी, खांसी या बुखार होने पर बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक लेना और बीमारी ठीक होने के बाद बची हुई दवाओं को दोबारा इस्तेमाल करना भारी पड़ सकता है। दवाओं के इस तरह के गलत इस्तेमाल से बैक्टीरिया पर एंटीबायोटिक का असर कम होने लगता है। इससे सामान्य संक्रमणों का इलाज भी मुश्किल हो सकता है। इसी खतरे के प्रति जागरूक करने के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) की ओर से सीबीगंज स्थित अल-मदार पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में 36 विद्यार्थियों और आठ शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। आईवीआरआई की वैज्ञानिक डॉ. हिमानी धांझे और डॉ. श्रीनिवास ने विद्यार्थियों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का जरूरत से ज्यादा या गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर बैक्टीरिया दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में पहले असरदार रहने वाली दवाएं संक्रमण पर प्रभावी नहीं रह जातीं और उपचार में मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन चिकित्सकीय सलाह के बिना न करें। किसी बीमारी में बची हुई दवाओं का दोबारा इस्तेमाल करने या उन्हें दूसरे व्यक्ति को देने से भी बचें। उन्होंने बताया कि एंटीबायोटिक का सही इस्तेमाल करना केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को दवाओं के बेअसर होने के खतरे से बचाने के लिए जरूरी है। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रूपसी तिवारी और डॉ. बबलू कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
