लखनऊ पहुंचे बैडमिंटन के सितारे, आज से घमासान, प्रणय-उन्नति समेत दिग्गज दिखाएंगे दम

# ## Game

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रतिभाग के लिए कई शीर्ष खिलाड़ी सोमवार को लखनऊ पहुंच गए। इन खिलाड़ियों ने बीबीडी अकादमी के अलावा ओमैक्स हाइट्स स्थित गौरव खन्ना एक्सीलिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अभ्यास किया।चैंपियनशिप का शुभारंभ मंगलवार को गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में होगा।पिछले संस्करण की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा, एशियन गेम्स की कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय और तीन बार की ओलंपियन अश्विनी पोनप्पा, मिश्रित युगल की शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला व तनीषा क्रैस्टो ने अभ्यास किया।

चैंपियनशिप में तीसरी वरीयता प्राप्त एचएस प्रणय से पुरुष एकल में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्नति और तन्वी की कोशिश इस बार खिताब जीतने की होगी। अश्विनी पोनप्पा को मिश्रित युगल में रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है।

आज से शुरू होंगे मुकाबले

प्रतियोगिता के क्वालीफाइंग मुकाबले आज सुबह नौ बजे से खेले जाएंगे। मुख्य ड्रॉ के युगल वर्ग के कुछ मुकाबले भी इसी दिन दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि अन्य मुकाबले 25 नवंबर से खेले जाएंगे। महिला युगल में पिछले संस्करण की विजेता जोड़ी लगातार तीसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।

यूपी के खिलाड़ियों पर भी रहेंगी निगाहें

मुख्य ड्रॉ में उत्तर प्रदेश के कई खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। महिला एकल में मानसी सिंह भारतीय चुनौती को मजबूती देंगी। महिला युगल में श्रुति मिश्रा मणिपुर की प्रिया के साथ, समृद्धि सिंह और अमोलिका सिंह सिसोदिया की जोड़ी और सोनाली सिंह रितिका ठाकेर के साथ कोर्ट पर उतरेंगी। घरेलू खिलाड़ियों के पास इस प्रतियोगिता के जरिए बेहतर प्रदर्शन के साथ महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक हासिल करने का अवसर होगा। चैंपियनशिप को रेडिको खेतान, मिगसन, काउंटी फाउंडेशन, इन्वेस्ट यूपी और यूपी टूरिज्म का सहयोग प्राप्त है।