योगी आदित्यनाथ की माताजी का अंतिम संस्कार आज:गांव पंचूर में ली थी अंतिम सांस

# ## Lucknow

लखनऊ: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे निधन हो गया था। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली थी। मिली जानकारी के मुताबिक, वह 91 साल की थीं। आज (21 नवंबर) उनका अंतिम संस्कार होगा।

बता दें कि सीएम योगी 4 बेटों में दूसरे स्थान पर हैं। सावित्री के परिवार में 4 बेटे और 3 बेटियां हैं। सीएम योगी शुक्रवार शाम को अपने पैतृक गांव पहुंचे थे और अपनी माता के अंतिम दर्शन किए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद एक तस्वीर पोस्ट कर उसके कैप्शन में मां लिखा था।

कहां होगा सीएम की मां का अंतिम संस्कार?

सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडी घाट के श्मशान घाट में किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, मौके पर पतंजलि के आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद हैं और वह तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। माना जा रहा है कि अंतिम संस्कार सुबह 10 बजे से 11.30 बजे के करीब होगा। मां की अंत्येष्टि के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ लौटेंगे।

आज होने वाले अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में साधु संत शामिल होंगे।

मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कई बड़े नेता इस मौके पर शामिल होंगे, जिसमें उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हैं। इसके अलावा बीजेपी के सीनियर नेता, मंत्रिमंडल के सदस्य समेत तमाम सम्मानित लोग भी मौके पर होंगे। ऐसे में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।

इससे पहले गोरखपुर मंदिर में सीएम योगी की मां के लिए प्रार्थना की गई थी। इस दौरान सावित्री देवी के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा गया।

गौरतलब है कि सीएम योगी ने अपना जीवन जनसेवा को समर्पित कर दिया था और उनका परिवार बेहद सामान्य जीवन जीता है। योगी बनने के बाद यानी घर त्यागने के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार जनसेवा में लगे हुए हैं।