azam khan

UP चुनावी हलचल : मुस्लिमों का साथ न छूटे, हिंदू मतदाताओं में भी बने पैठ… 2027 फतह के लिए सपा ने तैयार किया ये नया फॉर्मूला?

# ## UP

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के सामने अपने मजबूत मुस्लिम आधार को बनाए रखने के साथ हिंदू और दूसरे सामाजिक वर्गों के बीच पैठ बढ़ाने की चुनौती है। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा को 32.06 फीसदी वोट के साथ 111 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा ने 41.29 फीसदी वोट के साथ 255 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब सपा की रणनीति पुराने सामाजिक आधार को सुरक्षित रखते हुए नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने की है।

जेल से बाहर आते ही टाइगर इज बैक के नारे के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां की राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है। इसके पहले अखिलेश 22 अक्टूबर को रामपुर जेल में आजम खां से मुलाकात कर चुके हैं। इसके बाद उनके अयोध्या कार्यक्रम की घोषणा हुई। अब आजम के नए बयान से सहमति के भाव साफ दिख रहे हैं। आजम खां लंबे समय तक सपा की मुस्लिम राजनीति के प्रमुख चेहरों में रहे हैं और बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के संयोजक भी रहे हैं। जेल से रिहाई के बाद उनके समर्थकों में उत्साह है और उनके राजनीतिक बयानों की चर्चा भी तेज हुई है।आजम खां ने अखिलेश यादव के रामलला दर्शन पर आपत्ति नहीं जताई है।

सपा के सामने दोहरा संदेश साधने की चुनौती

अखिलेश का रामलला दर्शन सपा के लिए सिर्फ धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक पहुंच बनाने की राजनीतिक कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा लंबे समय से सपा पर हिंदू आस्था और राममंदिर के मुद्दे पर हमला करती रही है। ऐसे में अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना उस राजनीतिक धारणा को बदलने की कोशिश माना जा सकता है, जिसमें सपा को केवल मुस्लिम समर्थक पार्टी के रूप में पेश किया जाता है। वहीं, आजम खां की सक्रियता सपा के मुस्लिम आधार के लिहाज से महत्वपूर्ण है। वह ऐसे समय में जब आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद और एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीते 12 नवंबर को लखनऊ में ”सामाजिक परिवर्तन मोर्चा” गठबंधन की घोषणा करते हुए चंद्रशेखर आज़ाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। साथ ही, अखिलेश के राममंदिर जाने पर मुसलमानों के बीच सवाल उठा रहे हैं।

अखिलेश के राम मंदिर दर्शन में कोई परेशानी नहीं: आजम

बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के संयोजक रहे आजम खान ने अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि इसमें उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह खुद एक्शन कमेटी के संयोजक थे और कमेटी का प्रस्ताव था कि सुप्रीम कोर्ट जो फैसला करेगा, उसे स्वीकार किया जाएगा। हमने अदालत के फैसले को स्वीकार किया। आजम के इस बयान को ओवैसी के उस हमले के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन पर सपा के मुस्लिम सांसदों और विधायकों से सवाल किया था।

आज बसपा भी अयोध्या से देगी सियासी संदेश

अयोध्या में शुक्रवार को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद भी राममंदिर और अयोध्या के सवाल पर अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट कर सकते हैं। जनसभा में अयोध्या की चारों विधानसभा सीटों के संभावित प्रत्याशियों को लेकर भी तस्वीर साफ होने के संकेत हैं।

और तेज होगा भाजपा का हिंदुत्व वाला हमला

अखिलेश का अयोध्या जाना भाजपा के उस हमले की काट की कोशिश भी है, जिसमें सपा को राममंदिर और हिंदू आस्था से दूरी के सवाल पर घेरा जाता रहा है। हालांकि, अयोध्या के संतों के एक वर्ग ने 1990 में कारसेवकों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर अखिलेश से माफी मांगने की मांग की है। इससे साफ है कि रामलला दर्शन के बावजूद भाजपा का हिंदुत्व वाला हमला पूरी तरह समाप्त होने वाला नहीं है।