ट्रेन में बधाई मांगने के दौरान पैसों के विवाद में एक किन्नर को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दिए जाने का मामला सामने आया है। घायल किन्नर ने अपनी गुरु पर 20 हजार रुपये छीनने और ट्रेन से धक्का देने का आरोप लगाया है। रेलवे क्रॉसिंग के पास घायल अवस्था में मिले किन्नर को रेलवे पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
आरा निवासी किन्नर विष्णु ने बताया कि वह अपनी गुरु मुन्नी के साथ ट्रेन में बधाई मांग रहा था। इसी दौरान ट्रेन रामनगर थाना क्षेत्र के सधन्नापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची तो कथित तौर पर उसकी गुरु ने उससे 20 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। ट्रेन से गिरने के कारण विष्णु घायल हो गया।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने रेलवे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रामनगर भिजवाया। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल से घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
