प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 55 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में मंडलीय कार्यालयों, विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और विभिन्न जिलों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कई अधिकारियों को अपर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी के पदों पर नई तैनाती दी गई है। इसके अलावा संस्कृति, नागरिक उड्डयन, खेल, निर्वाचन और सहकारिता विभाग में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची के अनुसार, अतुल कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। उन्हें नागरिक उड्डयन निदेशालय में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) की जिम्मेदारी भी दी गई है। सुशील प्रताप सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है, जबकि विवेक कुमार मिश्रा को वाराणसी विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव बृजेश कुमार सिंह को नोएडा में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। वहीं, विनय कुमार सिंह-2 को मेरठ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है।
नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में भी बदलाव हुआ है। क्रांति शेखर सिंह को दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (नोएडा), बुलंदशहर में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। सौम्य मिश्रा को प्रयागराज मेला विकास प्राधिकरण में उपजिलाधिकारी और प्रयागराज विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। विवेक कुमार शुक्ला को बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, झांसी में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। ऋतु प्रिया को झांसी में उपजिलाधिकारी बनाया गया है।
अयोध्या तीर्थ विकास परिषद में बस्ती के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नाज चंद्र गुप्ता को संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। परिषद में संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी रहे धीरज श्रीवास्तव को अमेठी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की जिम्मेदारी दी गई है। वाराणसी मंडल के अपर आयुक्त आलोक कुमार वर्मा को अयोध्या विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। वहीं, अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार मिश्रा को उन्नाव में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है।
मंडलों में भी बदले अधिकारी
चित्रकूटधाम मंडल के अपर आयुक्त अमरपाल सिंह को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। मेरठ नगर निगम के अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार को चित्रकूटधाम मंडल में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वाराणसी मंडल के अपर आयुक्त सुनंदु सुधाकरन को बस्ती में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। संतकबीर नगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश-3 को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ का महाप्रबंधक बनाया गया है।
अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अखिलेश को मुरादाबाद नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। मुरादाबाद मंडल के अपर आयुक्त शशि भूषण को अलीगढ़ मंडल भेजा गया है। अमेठी की अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। प्रयागराज मंडल की अपर आयुक्त जयजीत कौर होरा को भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का कुलसचिव और संस्कृति निदेशालय का अपर निदेशक बनाया गया है। सहारनपुर मंडल के अपर आयुक्त रमेश यादव को मेरठ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, विवेक कुमार यादव को वाराणसी मंडल से आगरा मंडल में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निगमों और विभागों में नई तैनाती
बांदा के अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर यादव को मेरठ नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। लखनऊ नगर निगम के अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार श्रीवास्तव को संतकबीर नगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। वाराणसी नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रामकुमार को नगर निगम में ही नई जिम्मेदारी के तहत सहायक नगर आयुक्त बनाया गया है। लखीमपुर खीरी की उपजिलाधिकारी आरती को मुरादाबाद नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त बनाया गया है। मुरादाबाद नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रामवीर सिंह को अलीगढ़ में उपजिलाधिकारी बनाया गया है। चंद्र प्रकाश पांडेय को झांसी नगर निगम से कानपुर देहात में उपजिलाधिकारी और नरेंद्र सिंह यादव को कानपुर देहात से झांसी नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त बनाया गया है।
अविनाश पाठक को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से लखनऊ नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। आनंद कुमार सिंह को रामपुर से खेल निदेशालय, लखनऊ में उपनिदेशक (प्रशासन) और डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय को खेल निदेशालय से रामपुर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। सुशील कुमार गौड़ को उन्नाव से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। संजय चावला को झांसी में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) से उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ का महाप्रबंधक और अशोक कुमार गुप्ता को संघ के महाप्रबंधक पद से झांसी में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है।
जिलों में भी बदली जिम्मेदारी
जिलों में डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा को वाराणसी विकास प्राधिकरण से हापुड़ में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), ऋषिकांत राजवंशी को बलिया से बांदा में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपूर्वा यादव को मुजफ्फरनगर से दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय में उपनिदेशक और अनिल कुमार यादव को वाराणसी नगर निगम से मुजफ्फरनगर में उपजिलाधिकारी बनाया गया है।
आकाश कुमार को लखनऊ से बहराइच, डॉ. गजेंद्र पाल सिंह को अलीगढ़ से बलरामपुर, अजय कुमार शर्मा को ग्रेटर नोएडा से अलीगढ़, संदीप कुमार तिवारी को प्रयागराज से मुरादाबाद और माधव उपाध्याय को मुरादाबाद से हरदोई में उपजिलाधिकारी बनाया गया है। ज्योत्स्ना को जौनपुर से हापुड़, रमेश चंद्र पांडेय को हापुड़ से जौनपुर, देवेंद्र सिंह को कन्नौज से लखनऊ में अपर जिलाधिकारी (नगर), ट्रांस-गोमती और रतन को चंदौली से कन्नौज में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। राज कुमार मित्तल को लखनऊ से चंदौली में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की जिम्मेदारी दी गई है।
अतुल कुमार सिंह को शाहजहांपुर से बलिया, प्रिंस वर्मा को मुरादाबाद से सहारनपुर और कृष्ण राज सिंह को सहारनपुर से मुरादाबाद में उपजिलाधिकारी बनाया गया है। रामकेश सिंह को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ से सहारनपुर का नगर मजिस्ट्रेट और कुलदीप सिंह को सहारनपुर से वाराणसी में अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) बनाया गया है।
