छठ पूजा पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ और घाटों पर उमड़ने वाले वाहनों को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में डायवर्जन किया है। 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से 16 नवंबर को छठ पूजा की समाप्ति तक शहर के अलग-अलग मार्गों पर भारी और मध्यम वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। गंगा बैराज, अटल घाट, सरसैया घाट, करबला चौराहा, पनकी मंदिर और बर्रा समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है।
वहीं, श्रद्धालुओं के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए सात स्थान निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस के मुताबिक, गंगा बैराज चौराहे से मध्यम और भारी वाहन अटल घाट व करबला चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें सीधे वाईएस कोठारी और मंधना चौराहे की ओर से निकाला जाएगा। कंपनीबाग चौराहे से बीमा चौराहा, जाजमऊ और वीआईपी रोड पर भी इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गुरुदेव चौराहे से मैनावती मार्ग होते हुए करबला चौराहे की ओर भारी और मध्यम वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें गुरुदेव चौराहा और गोल चौराहे की ओर से जाना होगा। सरसैया घाट पहुंचने वाले चारपहिया वाहनों के लिए भी बदलाव किया गया है। फूलबाग की ओर से आने वाले वाहन मेघदूत तिराहे से दाहिने मुड़कर घाट की तरफ नहीं जा सकेंगे। इन्हें बड़ा चौराहा होकर जाना होगा। ग्रीन पार्क की ओर से आने वाले वाहन डीएवी तिराहे से आगे नहीं जा सकेंगे। इनके लिए एमजी कॉलेज और मधुवन तिराहे का रास्ता निर्धारित किया गया है।
पनकी क्षेत्र में कल्याणपुर आवास विकास चौकी से पनकी मंदिर और पनकी पड़ाव रेलवे क्रॉसिंग से मंदिर व आवास विकास नहर की ओर भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। न्यू ट्रांसपोर्ट नगर, भौती बाईपास और विजय नगर चौराहे के बीच भी डायवर्जन लागू रहेगा। बर्रा बाईपास, दीप तिराहा, नंदलाल चौराहा, सीटीआई चौराहा और नौबस्ता क्षेत्र में भी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। मयंक चौराहे से तात्या टोपे नगर होते हुए अंबेडकर नगर और गुजैनी नहर तक भारी व मध्यम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इन सात स्थानों पर होगी पार्किंग
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए करबला चौराहे से करबला मस्जिद तक सड़क के दोनों ओर, बक्कल (परमट) पार्किंग, सरसैया घाट चौराहे से चेतना चौराहे तक सड़क के दोनों ओर, गुजैनी चौकी के पास रामलीला मैदान, मयंक चौराहे के पास अंबेडकर पार्क, अरमापुर से विजय नगर चौराहे की ओर सड़क के बाईं तरफ और आवास विकास नहर पनकी से कल्याणपुर क्रॉसिंग की ओर सड़क के बाईं तरफ पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। किसी भी असुविधा पर ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 9305104340, ग्रीन कॉरिडोर सेल 9454402413 और ट्रैफिक हेल्पलाइन 9305104387 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता देने की अपील की गई है।
