चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, मासूम समेत चार की मौत, 12 घायल

# ## Kanpur Zone

दीपदान मेले में शामिल होकर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे में पावर हाउस के पास झांसी-मीरजापुर नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में एक मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें सात की हालत नाजुक होने पर उन्हें सीएचसी रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र स्थित ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से चित्रकूट में आयोजित दीपदान मेले में शामिल होने आए थे। उनके साथ कुछ रिश्तेदार भी थे, जो मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले थे। रविवार देर रात दर्शन और दीपदान करने के बाद सभी श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रयागराज के लिए रवाना हुए।

सोमवार तड़के करीब ढाई बजे रामनगर कस्बे के पावर हाउस के पास अचानक ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला (हिच) टूट गया। बताया जा रहा है कि उस समय ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था। गुल्ला टूटते ही ट्रैक्टर आगे निकल गया, जबकि ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गई। ट्रॉली पलटने से उसमें सवार श्रद्धालु नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चाकघाट निवासी शिवांश, त्रिवेणी और बसहट निवासी छह वर्षीय नन्हे पुत्र धर्मेंद्र के अलावा प्रयागराज के ऊंचा गांव निवासी राधेकृष्ण को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में प्रयागराज और मध्य प्रदेश के रीवा जिले के कई श्रद्धालु घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।