त्योहारों पर घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बरेली जंक्शन समेत मुरादाबाद मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। धनतेरस से छठ पूजा तक यात्रियों को टिकट लेने से लेकर ट्रेन में सफर करने तक सहूलियत देने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त बुकिंग स्टाफ, एटीवीएम और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
रेलवे स्टेशन परिसर में मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली (एमयूटीएस) के माध्यम से भी यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराएगा। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। यात्रियों को रेलवन एप के इस्तेमाल की जानकारी देने और टिकट बुकिंग में मदद के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई जाएंगी। इससे टिकट खिड़कियों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने में मदद मिलेगी।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और टिकट चेकिंग स्टाफ को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ के डॉग स्क्वाड की मदद से निगरानी की जाएगी। यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए मेडिकल सहायता बूथ भी बनाए जाएंगे।
मंडल के वरिष्ठ अधिकारी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे। इसके साथ ही मंडल नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे वाररूम संचालित रहेगा, जहां से भीड़ और ट्रेनों के संचालन पर नजर रखी जाएगी। यात्रियों की संख्या में अधिक बढ़ोतरी होने पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के लिए रेलवे ने रैक भी तैयार रखे हैं।
19 जोड़ी ट्रेनों में लगाए अतिरिक्त कोच
त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने मंडल से गुजरने वाली 19 जोड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए हैं। बरेली से गुजरने वाली 14235/14236 वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस में 25 नवंबर तक एक अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की गई है। वहीं 14308/14307 बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस में 30 नवंबर तक एक अतिरिक्त कोच लगाया गया है। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को सीट मिलने में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
