उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता ब्राह्मण टोला में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड (Triple Murder Case) में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 25,000 रुपये की इनामी और मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला की फरार बहन दिव्या शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस वीभत्स हत्याकांड में पुलिस के हत्थे चढ़े कुल आरोपियों की संख्या अब बढ़कर आठ हो गई है।
दुबग्गा इलाके से दबोची गई 25 हजार की इनामी दिव्या शुक्ला
सआदतगंज के तिहरे हत्याकांड के बाद से ही मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला की बहन दिव्या शुक्ला फरार चल रही थी, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दुबग्गा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आईआईएम रोड पर कूराहा चौराहे के पास से वांछित आरोपी दिव्या शुक्ला को धर दबोचा। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, फरार चल रही दिव्या पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वारदात के दौरान भाई को कारतूस देने का है आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि गत 26 अक्टूबर को हुए इस खूनी संघर्ष के दौरान मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। आरोप है कि बहन दिव्या शुक्ला ने ही वारदात के वक्त मुख्य आरोपी को कारतूस उपलब्ध कराए थे, जिससे उसने अपनी दूसरी मैगजीन लोड कर गोलियां बरसाई थीं। इस सनसनीखेज वारदात में सचिवालय के रिटायर्ड कर्मी शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
सभी नामजद आरोपी अब तक गिरफ्तार, पुलिस जल्द दाखिल करेगी चार्जशीट
घटना के बाद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ समेत अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इससे ठीक पहले पुलिस ने उसके 25,000 रुपये के इनामी चाचा राजेश शुक्ला को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सभी नामजद आरोपियों को अब गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब इस प्रकरण में ठोस साक्ष्यों को संकलित कर अदालत में जल्द से जल्द मजबूत चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। ्र
