Bareilly News: पांच थाना प्रभारियों पर जांच की आंच, सीओ से भी जवाब तलब

# ## Bareilly Zone
चुनाव की तैयारियों से लेकर अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के निस्तारण तक, पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर अब सीधे जवाबदेही तय होगी। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने गुरुवार को बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के पुलिस कप्तानों के साथ समीक्षा बैठक कर लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई मिलने पर पांच थाना प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए गए, जबकि सीओ जलालाबाद से स्पष्टीकरण मांगा गया।

बैठक में डीआईजी ने आगामी चुनाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया समय से पूरी करने और सभी जिलों में चुनाव सेल गठित करने के निर्देश दिए। मतदान और मतगणना स्थलों की सुरक्षा के साथ अंतरजनपदीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने को कहा। शस्त्र जमा कराने और लंबित गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील कराने पर भी जोर दिया। अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए हत्या, लूट, डकैती, वाहन चोरी, महिला अपराध और पॉक्सो के मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई तथा अपराध से अर्जित संपत्ति जब्त करने को भी कहा गया।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर भी जोर

डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने, ई-साक्ष्य एप का इस्तेमाल बढ़ाने और ई-समन की समय से तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा, साइबर अपराध पर नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी प्रभावी कदम उठाने को कहा।