बाबा पर दरांती से हमला, पुलिस ने कहा- जान का खतरा है तो गार्ड रख लो

# ## Bareilly Zone

 हमले में घायल होकर थाने पहुंचे बाबा को मदद और कार्रवाई का भरोसा मिलने के बजाय सुरक्षा गार्ड रखने की नसीहत मिल गई। बाबा का आरोप है कि हल्का सिपाही ने उनसे कह दिया कि ज्यादा परेशानी है तो एसपी साहब से कहकर सिक्योरिटी गार्ड रखवा लो। पुलिसकर्मी के इस जवाब से आहत बाबा ने थाना प्रभारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

मामला शाहजहांपुर स्थित खुटार क्षेत्र के गांव नवदिया प्रेमराज का है। यहां रहने वाले बाबा हरदेव सिंह भगवान श्री बालाजी महाराज के भक्त हैं। उन्होंने गांव के बाहर अपने बाग में कुटिया बना रखी है और वहीं रहते हैं। बाबा का आरोप है कि कुटिया के आसपास संदिग्ध लोगों का आना-जाना रहता है। कुछ लोग वहां एकत्र होकर शराब पीते हैं और गाली-गलौज करते हैं। इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बाबा हरदेव सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह वह अपनी कुटिया में बैठे थे। इसी दौरान गांव टाहखुर्द कलां निवासी एक व्यक्ति उनके बाग में घास काटने पहुंचा। मना करने पर वह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने दरांती से हमला कर दिया। इससे उनके हाथ और सिर में चोटें आईं। बाबा ने घटना का वीडियो भी होने का दावा किया है। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चला गया।

घायल बाबा शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो आरोप है कि हल्का सिपाही ने उनकी समस्या सुनने और कार्रवाई कराने के बजाय सुरक्षा गार्ड रखने की सलाह दे दी। बाबा ने थाना प्रभारी लोकेंद्र कुमार त्यागी से भी सिपाही के व्यवहार की शिकायत की। हालांकि थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें बाबा पर हमले की जानकारी नहीं है और न ही कोई तहरीर मिली है। फिर भी मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।