साइबर ठगी: करवाचौथ पर पति की जान का खतरा बताकर महिला से 1.38 लाख ऐंठे, पूजा-पाठ के नाम पर डराया

# ## Lucknow

पति की जान पर खतरा बताकर पूजा-पाठ कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक महिला से 1.38 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि फोन करने वाले ने पति के साथ गंभीर दुर्घटना होने और जान जाने का डर दिखाया। इससे घबराई महिला उसके झांसे में आ गई और अपने साथ बहन के बैंक खाते से भी रकम ट्रांसफर कर दी। ठगी का एहसास होने पर महिला ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कजियाना उत्तरी मोहल्ला का मामला

दोस्तपुर नगर पंचायत के कजियाना उत्तरी मोहल्ला निवासी अनुभा गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 अक्तूबर को दोपहर 12:33 बजे एक मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप वॉयस कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि उनके पति की जान खतरे में है। इस बाधा को दूर करने के लिए तत्काल पूजा-पाठ कराना होगा, अन्यथा बाहर जाने पर उनके साथ गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

बहन के खाते से भी निकलवाए पैसे

पति की सुरक्षा को लेकर चिंतित महिला ने फोन करने वाले की बात पर विश्वास कर लिया। आरोप है कि पूजा-पाठ के नाम पर उससे अपने बैंक ऑफ इंडिया खाते से कई बार में रकम ट्रांसफर कराई गई। इसके अलावा उसकी बहन के यूनियन बैंक खाते से भी 51,700 रुपये एक अन्य खाते में भेजे गए। महिला के मुताबिक, दोनों खातों से कुल 1,38,900 रुपये की ठगी हुई।

साइबर हेल्पलाइन 1930 पर की शिकायत

पीड़िता ने बताया कि वह इतनी घबरा गई थी कि घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी। 23 अक्तूबर को ठगी का एहसास होने पर उसने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 28 अक्तूबर को थाना दोस्तपुर में प्रार्थनापत्र देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की। दोस्तपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच निरीक्षक सुबेदार यादव को सौंपी गई है।