Meerut Accident: बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, 14 बच्चे घायल; ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर बचाई जान

# ## Meerut Zone

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार सुबह बच्चों से भरी एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी-सतवई मार्ग पर सुबह करीब सात बजे हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। बुधवार सुबह एक स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार 14 बच्चे चोटिल हो गये। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) अभिजीत कुमार ने बताया कि रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी-सतवई मार्ग पर सुबह करीब सात बजे स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी।

14 बच्चों को आई चोटें, दो का अस्पताल में इलाज जारी

कुमार ने बताया कि बस में कुल 19 बच्चे सवार थे, जिनमें से 14 को मामूली चोटें आई हैं और उनमें से दो बच्चों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है, जबकि बाकी घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। कुमार ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटा रही है।

बस में फंसे बच्चों को निकालने के लिए तोड़े शीशे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने उसके शीशे तोड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

चालक हिरासत में, हादसे की जांच शुरू

पुलिस ने स्कूल बस के चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाने के लिए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।  इसके बाद घायल बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजनों में नाराजगी

घटना की सूचना मिलने पर बच्चों के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिजनों ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन के सामने बच्चों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई। घटना के बाद स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।