UP MLC Election Result : आकाश अग्रवाल और लाल बिहारी यादव ने दर्ज की जीत, मतगणना में धांधली के आरोपों पर क्या बोले सपा प्रत्याशी?

# ## UP

 उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशियों ने आगरा और वाराणसी में जीत दर्ज की है। आगरा शिक्षक एमएलसी सीट पर सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल विजयी हुए, जबकि वाराणसी शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की। जीत के बाद दोनों नेताओं ने शिक्षकों का आभार जताया। वहीं, आकाश अग्रवाल ने चुनाव के दौरान कथित मारपीट, शिक्षकों को डराने-धमकाने और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाकर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

जीत के बाद आकाश अग्रवाल ने लगाए गंभीर आरोप

आगरा में जीत दर्ज करने के बाद आकाश अग्रवाल ने कहा कि चुनाव के दौरान शिक्षक साथियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ कैप्चरिंग शुरू हो गई थी, जो उनके लिए बेहद पीड़ादायक अनुभव था।

आकाश अग्रवाल ने कहा कि इस चुनाव ने शिक्षक एमएलसी की राजनीति को बदल दिया है। उनके मुताबिक, चुनाव के दौरान जिस तरह की परिस्थितियां देखने को मिलीं, उससे उन्हें लगता है कि भविष्य में शिक्षक शायद ही इस तरह चुनाव लड़ने के लिए आगे आएं।

सरकार की छवि पर भी उठाए सवाल

आकाश अग्रवाल ने प्रदेश सरकार की छवि को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सरकार की छवि आतंकवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाली थी, लेकिन चुनाव के दौरान अपने साथियों को डराने-धमकाने और बूथ कैप्चरिंग के कथित घटनाक्रम देखकर उनकी धारणा टूट गई। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि वह सभी समाज के लोगों के लिए काम करते हैं।

लाल बिहारी यादव ने शिक्षकों को दिया जीत का श्रेय

उधर, वाराणसी में जीत के बाद सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने शिक्षक समुदाय के साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्थन की वजह से उन्हें जीत मिली है। लाल बिहारी यादव ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सकारात्मक सोच के कारण पार्टी ने पूरे प्रदेश में सभी सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ा।