उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी के विजयी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जीत का जश्न सोशल मीडिया के जरिए मनाया जाए और कोई हो-हल्ला या जुलूस न निकाला जाए।
अखिलेश यादव ने आशंका जताई कि विजयी जुलूस निकालने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) साजिश करके सपा की छवि बिगाड़ सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव का ध्यान रखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी।
विजयी उम्मीदवारों को दी बधाई
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जीत की खुशी शांतिपूर्ण तरीके से लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश न कर सके और सपा पर हुड़दंग करने का आरोप न लगे।
विजयी एमएलसी और समर्थकों का होगा सम्मान
सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि पार्टी सभी विजयी एमएलसी का अभिनंदन करेगी। संभव हुआ तो वह स्वयं उनके क्षेत्रों में जाकर सम्मान करेंगे। उन्होंने विजयी उम्मीदवारों से उन कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों की सूची तैयार करने को कहा, जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन और सहयोग किया है। अखिलेश ने कहा कि जीत में योगदान देने वाले सभी लोगों का भी सम्मान किया जाएगा।
